- BDO मनोज कुमार की पत्नी अमृता की संदिग्ध हाल में मौत हुई है.
- अमृता के परिजनों ने BDO पति पर जहर देकर मारने का आरोप लगाया.
- परिजनों के मुताबिक, मनोज कुमार के किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध थे.
बिहार में दरभंगा जिले के जाले प्रखंड (Jale Block) के प्रखंड विकास अधिकारी (BDO) मनोज कुमार की पत्नी की संदिग्ध हाल में मौत पर कई चौंकाने वाली बात सामने आई है. BDO की पत्नी अमृता कुमारी की शुक्रवार देर रात मुजफ्फरपुर में मिठनपुरा थाना क्षेत्र के कन्हौली बेला में संदिग्ध हाल में मौत हुई थी. अमृता की मौत पर उसके परिजनों ने बीडीओ मनोज कुमार और उसके परिवार वालों पर जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया. अमृता कुमारी की मौत के बाद यह भी सामने आई कि BDO मनोज कुमार के किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध थे. जिसका अमृता काफी विरोध भी करती थी, जिसके कारण उसे प्रताड़ना का भी सामना करना पड़ता.
'शादी के बाद पता चला अवैध संबंध'
मृतका अमृता कुमारी के परिजनों ने BDO मनोज कुमार पर कई संगीन आरोप लगाते हुए मिठनपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें मनोज कुमार और उनके परिवार वालों पर अमृता को जहर देकर हत्या का आरोप लगाया. मृतका की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शादी के कुछ समय बाद अमृता को मनोज के किसी दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध के बारे में पता चला. जब अमृता ने BDO मनोज के अवैध संबंध का विरोध किया तो उसे प्रताड़ना का शिकार होना पड़ा. अमृता के परिजनों के मुताबिक, उसके साथ आए दिन मनोज के परिवारवाले मारपीट करते थे.
2015 में मनोज और अमृता की हुई मुलाकात
दरभंगा में जाले के BDO मनोज कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के पियर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. मुजफ्फपुर में ही 2015 में BPSC की तैयारी के दौरान ही मनोज कुमार की अमृता कुमारी से मुलाकात हुई. बिहार के सीतामढ़ी जिले के बेला थाना क्षेत्र निवासी अमृता भी मुजफ्फरपुर में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी. दोनों की मुलाकात धीरे-धीरे प्यार बदली और फिर बात शादी तक आ पहुंची.
मनोज और अमृता ने 2020 में की थी कोर्ट मैरिज
इस बीच अमृता कंपटीशन की तैयारी करने पटना चली गई, लेकिन दोनों अक्सर एक दूसरे से मिलते और बात करते रहे. मनोज कुमार का मई 2018 में रक्षा मंत्रालय में ऑडिटर के पद चयन हुआ और उनकी पहली पोस्टिंग इलाहाबाद (प्रयागराज) में हुई. इसके बाद मनोज कुमार और अमृता ने 2020 में कोर्ट मैरिज कर ली और दोनों इलाहाबाद में एक साथ रहने लगे. फिर 9 दिसंबर 2022 को दोनों परिजनों और समाज के लोगों के सामने शादी कर ली.
2022 में BDO बने मनोज कुमार
NDTV से फोन पर बातचीत में मनोज कुमार ने बताया कि रक्षा मंत्रालय की नौकरी के साथ मनोज ने BPSC की तैयारी की और अगस्त 2022 में प्रखंड विकास पदाधिकारी के पद पर चयनित हुए. मनोज ने कहा कि शादी के बाद से ही अमृता हमेशा उनके साथ ही रहा करती थी और कभी-कभी मुजफ्फरपुर जिले के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में स्थित उनके घर पर भी वह रहती थी.
जाले के BDO मनोज कुमार
अपने ऊपर लगे आरोपों को किया खारिज
मनोज ने बताया कि जब वह शनिवार को अपने ट्रेनिंग के दौरान पटना में थे, तभी उनको सूचना मिली कि उनकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया गया है. जिसके बाद वह अपने घर पर पहुंचे. मनोज कुमार का कहना है कि अमृता से कभी छोटे-मोटे विवाद को छोड़कर और कोई मतभेद नहीं रहा तो आखिर अमृता ने इतना बड़ा कदम उठाया क्यों? ससुराल पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों पर मनोज कुमार ने कहा कि सभी आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं.
मृतका की मां ने तो यह भी आरोप लगाया कि मनोज कुमार अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर स्थानीय पुलिस को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे पुलिस एफआईआर नहीं दर्ज कर रही है. वहीं, टाउन डीएसपी सुरेश कुमार ने शनिवार को बताया कि फिलहाल सुसाइड का मामला सामने आया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक परिजनों की ओर से कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. जैसे ही आवेदन मिलेगा, उसके आधार पर आगे की कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.