- भोपाल की ट्विशा शर्मा को ससुराल में दहेज के नाम पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी, जिससे उसकी मौत हुई
- ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई को भोपाल में ससुराल के घर में फंदे से लटकने की स्थिति में पाई गई थी
- पुलिस ने दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोपों में पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया
Twisha Death Update: तुम मत फंसना यार... मुझे घुटन हो रही है...मेरा जीवन नर्क बन गया है... भोपाल की ट्विशा शर्मा के लिए ससुराल में रहना क्या इतना घुटन भरा हो गया था? जी वही ससुराल जिसके लिए कोई लड़की अपने माता-पिता को छोड़कर आती है, पति से प्रेम और सम्मान की उस आशा के साथ कि उसे ये नया घर भी वैसा ही मानेगा जैसे उसके असल मां-बाप पर बकौल ट्विशा का परिवार, उनकी बेटी को दहेज के नाम पर प्रताड़ित किया गया और मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया और नतीजा मिस पुणे का खिताब जीत अपनी अलग पहचान बना चुकी ट्विशा का दर्दनाक अंत हो गया. ट्विशा का परिवार न्याय की गुहार लगा रहा है तो साथ ही साथ उसे ससुरालवालों के रसूख के चलते इस केस के दबने का भी डर है. ट्विशा मामले में सोमवार को काफी कुछ घटा, परिवार के आरोप के अलावा आरोपी पति समर्थ की मां ने भी ट्विशा की फैमिली पर आरोप लगाए हैं. ट्विशा का वो वीडियो भी आया जिसमें वह ऊपर जाती दिखी और फिर 3 लोग उसके शव को लेकर नीचे आते दिखे. पति न्यायिक हिरासत में है तो अब पीड़ित परिवार सिर्फ न्याय मांग रहा है. आइए आपको इस केस की हर अपडेट दिए देते हैं.
कौन थी ट्विशा? कैसे हुई थी मौत
33 साल की ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं. उन्होंने एमबीए (MBA) किया था और शादी से पहले मार्केटिंग और कम्युनिकेशन क्षेत्र में अपना करियर बनाया था. कई वर्षों तक दिल्ली में काम करती रहीं और अपनी पेशेवर पहचान के साथ‑साथ ब्यूटी पेजेंट्स और फिल्मों में भी सक्रिय रहीं. ट्विशा मिस पुणे रह चुकी थीं और तेलुगु फिल्म ‘मुग्गुरु मोनागल्लू' में भी काम कर चुकी हैं. एक अनवेरिफाइड लिंक्डइन प्रोफाइल के अनुसार, उन्होंने खुद को रेस्टोरेंट इंडस्ट्री में अनुभव रखने वाली मार्केटिंग प्रोफेशनल बताया था. इसके अलावा, उन्हें एक्टिंग (अभिनय), फिल्म निर्माण और रीजनल सिनेमा में भी गहरी रुचि थी.
ट्विशा शर्मा करीब दो महीने की गर्भवती थीं. 12 मई की रात मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स में अपने घर में फंदे से लटकी हुई पाई गईं. उनका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें ट्विशा घर में सीढ़ियों से ऊपर जाती दिखीं और बाद में तीन लोग उनके शव को उतारते दिखे. ट्विशा की मौत को अभी आत्महत्या बताया जा रहा पर मायके वालों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या हुई है. खैर ये तो जांच का विषय है.
पुलिस के अनुसार, ट्विशा शर्मा 12 मई की देर रात भोपाल के कटारा हिल्स स्थित अपने ससुराल के घर में फंदे से लटकी हुई मिलीं. उनके पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए,जहां डॉक्टरों ने उन्हें लाने से पहले ही मृत घोषित कर दिया. पुलिस को इस घटना की जानकारी रात करीब 11 बजे अस्पताल प्रशासन से मिली. जांच में मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. अधिकारियों ने बताया कि ट्विशा उस रात करीब 10 बजे तक अपने परिवार से संपर्क में थीं. परिजनों का दावा है कि मौत से कुछ समय पहले ही वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थीं.
ट्विशा के ससुराल वाले वकील, पीड़ित परिवार को ये खतरा
ट्विशा की शादी भोपाल के वकील समर्थ सिंह से दिसंबर 2025 में शादी की थी. दोनों की मुलाकात 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी.
समर्थ सिंह, सेवानिवृत्त सेशन जज गिरिबाला सिंह के बेटे हैं. पुलिस इस मामले की जांच संभावित आत्महत्या के रूप में कर रही है, वहीं ट्विशा का परिवार हत्या या साजिश (foul play) की आशंका जता रहा है.परिवार का कहना है कि मौत से पहले के महीनों में ट्विशा गंभीर मानसिक दबाव और परेशानी में थी.
ट्विशा शर्मा के परिवार की शिकायत के बाद पुलिस ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत दहेज मृत्यु और दहेज उत्पीड़न से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए 6 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो कई पहलुओं पर जांच करेगा, जैसे:
➔दहेज उत्पीड़न के आरोप
➔शारीरिक हिंसा (physical assault)
➔मौत के बाद सबूत मिटाने की आशंका (destruction of evidence)
ट्विशा शर्मा के परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उन्हें लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया. परिवार के मुताबिक,ट्विशा पर नौकरी और गर्भावस्था से जुड़े मामलों को लेकर दबाव डाला जा रहा था.परिजनों ने यह भी दावा किया कि मौत से पहले के हफ्तों में ट्विशा ने कई बार डर और मानसिक तनाव से गुजरने की बात कही थी.
परिवार ने शुरू में अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.इसके साथ ही, ट्विशा के परिवार ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव के आवास के बाहर प्रदर्शन किया,और मांग की कि ट्विशा के शव का AIIMS दिल्ली में दोबारा पोस्टमार्टम कराया जाए.
दोस्त से आखिरी बातचीत ‘मैं फंस गई हूं'
ट्विशा की आखिरी बातचीत कथित तौर पर उनकी दोस्त मीनाक्षी के साथ इंस्टाग्राम पर हुई थी, जो उनकी मौत से कुछ समय पहले हुई थी. ट्विशा ने लिखा था, “मैं फंस गई हूं, यार… तू मत फंसना.ज्यादा बात नहीं कर सकती, सही समय आने पर कॉल करूंगी.” उनकी दोस्त ने जवाब में चिंता जताते हुए कहा कि वह ट्विशा के लिए परेशान है और हर वक्त उसके साथ खड़ी है. लेकिन वह कॉल कभी नहीं आया और अगले दिन ट्विशा मृत पाई गईं.
ससुरालवालों का आरोपों से इनकार
ट्विशा शर्मा मामले में ससुराल पक्ष ने सभी आरोपों से इनकार किया है. सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह ने अपनी अग्रिम जमानत याचिका में कहा कि ट्विशा को नशीले पदार्थों की लत और भावनात्मक अस्थिरता से जुड़ी समस्याएं थीं. उन्होंने दावा किया कि 12 मई की रात करीब 10 बजे ट्विशा ने घर की छत पर लोहे की रॉड से फांसी लगाकर आत्महत्या की है. अपने बेटे की जमानत याचिका खारिज होने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिरिबाला सिंह ने कहा कि ट्विशा ने परिवार के बार‑बार विरोध के बावजूद गर्भपात की दवाएं ली थीं. जमानत याचिका में यह भी कहा गया कि शादी के बाद जब ट्विशा उनके साथ रहने लगीं, तभी से उनके व्यवहार में नशे के इस्तेमाल के संकेत (substance abuse) नजर आने लगे थे.
अग्रिम जमानत याचिका में यह भी दावा किया गया कि ट्विशा में ऐसे लक्षण दिखाई देते थे जैसे-हाथ कांपना (trembling hands) चिड़चिड़ापन (irritability),अचानक मूड बदलना (sudden mood swings) और यह तब होता था जब वह कथित रूप से नशीले पदार्थ का सेवन नहीं करती थी.याचिका में आगे कहा गया कि दिसंबर 2025 से मई 2026 के बीच ट्विशा कई बार अपने मायके और अन्य स्थानों पर गई थीं. याचिका में यह भी आरोप लगाया गया कि जब इस विषय पर ट्विशा के पिता से बात की गई, तो उन्होंने कथित तौर पर माना था कि ट्विशा ऐसे पदार्थों का सेवन करती थीं.
यह भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा के पिता का छलका दर्द; भोपाल प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
यह भी पढ़ें- ट्विशा शर्मा ने जिस बेल्ट से लगाई फांसी, वो पोस्टमार्टम के समय नदारद, पुलिस से कैसे हुई ये बड़ी चूक?













