- शिवराज सिंह चौहान 17 फरवरी को जयपुर में किसानों के लिए AI आधारित भारत‑VISTAAR प्लेटफॉर्म लॉन्च करेंगे.
- भारत‑VISTAAR किसानों को मौसम, मंडी भाव, कीट रोग, मिट्टी, फसल सलाह और योजनाओं की जानकारी एकीकृत रूप में देगा.
- यह प्लेटफॉर्म वॉयस‑फर्स्ट AI तकनीक पर आधारित है ताकि फीचर फोन वाले किसान भी कॉल के जरिए इसका उपयोग कर सकें.
Bharat VISTAAR: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बड़ी तेजी से दुनिया को बदल रही है. कहा जाता है कि AI की रेस में जो पिछड़ गया, वह करियर हो या लाइफ पीछे ही रह जाएगा. एआई चुटकी बजाते कई तरह के काम को पूरी परफेक्ट तरीक से कर रहा है. यहीं कारण है कि पूरी दुनिया एआई के क्षेत्र में आगे बढ़ने की मुहिम में जुटी है. इसी कोशिश के तहत दिल्ली में एआई समिट हो रहा है. इस बीच अब भारतीय किसानों के लिए एआई आधारित भारत-VISTAAR की लॉन्चिंग होने जा रही है. जो किसानों को मौसम, सरकारी योजनाओं के साथ-साथ मंडी भाव और फसल का हाल भी बताएगा.
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 17 फरवरी को जयपुर में देशभर के किसानों के लिए नया डिजिटल साथी “भारत‑VISTAAR” लॉन्च करने जा रहे हैं. AI आधारित इस प्लेटफॉर्म किसानों को फोन कॉल, चैटबॉट और आगे चलकर ऐप के ज़रिए मौसम, मंडीभाव, कीट‑रोग, मिट्टी, फसल सलाह और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही जगह पर देगा. फेज‑1 में यह सुविधा हिंदी व अंग्रेज़ी में शुरू होगी और महाराष्ट्र, बिहार, गुजरात सहित कई राज्यों के लाखों किसानों तक पहुंचेगी.
राजस्थान के मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल
जयपुर में 17 फरवरी को सुबह 10 बजे होने वाले लॉन्च समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बड़ी संख्या में किसान भाई-बहनों के अलावा मुख्य रूप से राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, रामनाथ ठाकुर, राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा, सांसद, विधायक, अन्य जनप्रतिनधि तथा केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सचिव डा. देवेश चतुर्वेदी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, राजस्थान के मुख्य सचिव और कृषि विभाग के आला अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे.
“एआई फॉर एग्रीकल्चर रोडमैप”, “एआई हैकथॉन” व “एग्रीकोष”
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री शर्मा द्वारा “AI फॉर एग्रीकल्चर रोडमैप” भी लांच किया जाएगा, वहीं “AI हैकथॉन” एवं “एग्रीकोष” की घोषणा भी उनके द्वारा होगी.
भारत‑VISTAAR: डिजिटल क्रांति
भारत‑VISTAAR भारत सरकार का किसान‑केंद्रित, एआई‑संचालित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर है, जो अलग‑अलग सरकारी और वैज्ञानिक स्रोतों को जोड़कर किसानों तक भरोसेमंद जानकारी पहुंचाएगा. इस प्लेटफॉर्म पर किसान मौसम, मंडीभाव, कीट और बीमारी, मृदा स्वास्थ्य, फसल प्रबंधन और कम से कम 10 प्रमुख केंद्र सरकार योजनाओं से जुड़ी जानकारी और स्थिति देख सकेंगे.
वॉयस‑फर्स्ट एआई: साधारण फोन से भी सुविधा
भारत‑VISTAAR को वॉयस‑फर्स्ट एआई के रूप में तैयार किया गया है, ताकि साधारण फीचर फोन वाला किसान भी सिर्फ कॉल करके इसका लाभ ले सके. इसके लिए टेलीफोनी हेल्पलाइन 155261 को प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है, साथ ही वॉयस इनपुट‑आउटपुट, वेबसाइट और मोबाइल साइट चैटबॉट जैसी सुविधाएं भी तैयार हैं, वहीं एंड्रॉयड ऐप भी जारी किया जाएगा.
मौसम, मंडीभाव, कीट‑रोग और योजनाओं का एकीकृत समाधान
फेज‑1 लांच के लिए भारत‑VISTAAR में IMD से मौसम की जानकारी, AgMarkNet से मंडीभाव, NPSS के ज़रिए कीट और बीमारी प्रबंधन, एग्री‑स्टैक डेटा और 10 केंद्र सरकार योजनाओं की जानकारी को जोड़ा गया है. इसके साथ ही योजना की डिटेल, आवेदन की स्थिति, लाभ की ट्रैकिंग और शिकायत दर्ज कर समाधान की स्थिति देखने की सुविधा भी इंटीग्रेट की गई है, ताकि किसान को बार‑बार दफ्तर या अलग‑अलग पोर्टल न घूमने पड़ें.
डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में भारत‑VISTAAR
भारत‑VISTAAR को कृषि क्षेत्र के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए किसान‑केंद्रित, एआई‑संचालित डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI) के रूप में डिजाइन किया गया है, जो “प्लग‑एंड‑प्ले” मॉडल पर काम करेगा ताकि अलग‑अलग सरकारी, वैज्ञानिक और बाज़ार संबंधी प्रणालियों को आसानी से जोड़ा जा सके. यह प्लेटफॉर्म सत्यापित एवं सुरक्षित जानकारी पर आधारित है, मल्टीमॉडल और बहुभाषी पहुंच देता है और ऐसा ढांचा प्रदान करता है, जिसे विभिन्न राज्य सरकारें भी अपने स्तर पर अपनाकर बड़े स्तर पर प्रभाव पैदा कर सकती हैं.
वॉयस‑फर्स्ट एआई, फीचर फोन और राज्यों से जुड़ाव
भारत‑VISTAAR को भारत सरकार द्वारा निर्मित एआई‑संचालित कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें वॉयस‑फर्स्ट एआई के ज़रिए देश के किसानों तक सेवा पहुंचाने पर विशेष जोर है, ताकि फीचर फोन उपयोगकर्ता भी टेलीफोनी के माध्यम से इस सुविधा का लाभ ले सकें. फेज‑1 में महाराष्ट्र, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों को प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है और आगे चलकर इसे अन्य राज्यों और अधिक भारतीय भाषाओं तक विस्तार दिया जाएगा, जिससे यह राष्ट्रीय स्तर का कृषि डिजिटल नेटवर्क बन जाएगा व किसानों के लिए लाभकारी होगा.
ICAR, KVK व वैज्ञानिक सलाह से जुड़ा मजबूत नेटवर्क
भारत‑VISTAAR में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज, फसल प्रबंधन और सॉइल हेल्थ कार्ड आधारित मृदा सलाह को शामिल किया गया है, जिससे किसान को वैज्ञानिक और क्षेत्र‑विशेष सलाह मिल सके. इससे यह प्लेटफॉर्म सिर्फ सूचना देने वाला नहीं, बल्कि एक तरह से “डिजिटल कृषि सलाहकार” बन जाता है, जो फसल और खेत के बेहतर निर्णय में मदद करेगा. यह ऐतिहासिक लांच कार्यक्रम स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एग्रीकल्चर मैनेजमेंट, दुर्गापुरा, जयपुर में आयोजित होगा.
यह भी पढ़ें - AI Impact Summit 2026 LIVE Updates: AI के 'महाकुंभ' का PM मोदी ने किया उद्घाटन, देखी तकनीक की झलक













