- धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना पर विवाद फिर गरमाया
- योग गुरु बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को पाखंडी बताते हुए तीखा हमला बोला है
- सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बाबा रामदेव के बयान पर तंज कसा
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण पर की गई टिप्पणी का मामला एक बार फिर से तूल पकड़ता दिख रहा है. इस बार योग गुरु बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि जो देवी-देवताओं की तुलना करे. राम महान हैं और कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं. फिर माफी मांग ले. फिर बांके-बिहारी मंदिर जाकर दर्शन करे और कहे कि कृष्ण तो टेढ़े ही हैं. अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी. बाबा रामदेव के बयान पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने चुटकी ली है. उन्होंने एक्स पर रामदेव का वीडियो शेयर करते हुए 'अनुलोम-विलोम' लिखा.
अखिलेश यादव पहले भी साध चुके हैं निशाना
इससे पहले भी धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी थी. अखिलेश यादव ने इस मामले का उच्चतम स्तर पर संज्ञान लेकर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग की थी. अखिलेश ने ‘एक्स' पर सुदर्शन चक्रधारी भगवान श्रीकृष्ण का एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, ‘‘बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और आपत्तिजनक है कि कोई राजनीतिक प्रश्रय प्राप्त ‘लघु-बंधु' बनकर घूम रहा व्यक्ति सनातन समाज की एकता को तोड़ने का अति निंदनीय कार्य कर रहा है.''
उन्होंने कहा कि पूज्य अवतारों के बीच अपमानजनक तुलना कर एक अवतार को दूसरे से बेहतर बताने की साजिश सनातन समाज के विरुद्ध गहरी चाल है. यादव ने कहा, ‘‘लोकरक्षक और लोकरंजक दोनों एक ही के अवतार हैं, फिर ऐसी गरिमाहीन तुलना का तर्क क्या है, यह स्पष्ट किया जाए. ईशनिंदा का अपराध करने वाले ऐसे व्यक्ति के पीछे उसके किसी संगी-साथी की कुटिल मंशा काम करती दिखती है.''
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे निंदात्मक विषय पर तो हर राजनीतिक दल और उसके समर्थक भी इस तथाकथित वाचक के विरुद्ध एकजुट हो गए हैं. अगर इसे नहीं रोका गया तो इससे समाज में अशांति और असंतोष का वैमनस्यकारी वातावरण बनेगा. ये अक्षम्य पाप है, ऐसे व्यक्ति को समाज, सनातन, देश हित में निरुद्ध-अवरुद्ध करना ही एकमात्र उपाय है.''
उन्होंने सनातन धर्म के खिलाफ कुछ घटनाओं का उल्लेख करते हुए सवाल उठाया कि ‘‘ये सब अनायास ही नहीं हो रहा, इसके पीछे कोई तो है जो इस छल-कुचक्र को रच रहा है. अब वे सब कहां हैं जो अपने को सनातन का ठेकेदार मानते हैं, क्या वो अपने परंपरागत भूमिगत निवास में जाकर छिप गए हैं.''
सपा प्रमुख ने कहा कि हर सच्चा सनातनी दोनों अवतारों का उपासक होता है और इस अनुचित तुलना से सनातन समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के लोग भी आहत हुए हैं. यादव ने इसी पोस्ट में कहा, ‘‘हर धर्म-मजहब-संप्रदाय या उसके आराध्यों-महापुरुषों के प्रति किसी भी प्रकार का विष-वमन कदापि स्वीकार्य नहीं है. सर्वोच्च स्तर पर संज्ञान लेकर दंडात्मक कार्रवाई हो.''
धीरेंद्र शास्त्री ने क्या कहा था?
मीडिया में आई खबरों के अनुसार, मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिले के करैरा में श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए कथित तौर पर विवादित टिप्पणी की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है. इस टिप्पणी पर संत समाज के एक वर्ग की आपत्ति के बाद शास्त्री ने सफाई देते हुए कहा था कि उनका राम और कृष्ण के बीच भेद पैदा करने का कोई इरादा नहीं था.
यह भी पढ़ें | कुंडा में गले मिलकर आए बाबा रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को बताया पाखंडी, मंच से आरोपों की बौछार
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं