- समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता रहे आजम खान का सियासी सफर अब अंतिम दौर पर है.
- जिस रामपुर से आजम की राजनीति की शुरुआत हुई, वहां उनके ड्रीम प्रोजेक्ट पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है.
- 10 बार के विधायक, 4 बार मंत्री, दो बार सांसद रहे आजम के अर्श से फर्श तक पहुंचने की कहानी पढ़ें.
Azam Khan News: करीब 40 साल तक यूपी के रामपुर में एकछत्र राज करने वाले समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान का दबदबा अब खत्म होता जा रहा है. रामपुर से 10 बार विधायक चुने गए आजम खान दो बार सांसद भी बने. 1980 के दशक से आजम खान का दौर शुरू हुआ, पहली बार इसी साल रामपुर से आजम खान विधायक बने. फिर 1985, 1989, 1991, 1993, 2002, 2007, 2012, 2017 और आखिरी बार 2022 के विधानसभा चुनाव में भी आजम जीते. मुलायम सिंह के जमाने में आजम खान की तूती बोलती थी. बीते कुछ सालों में धीरे-धीरे आजम खान का न केवल यूपी की राजनीति से हाशिये पर गए, बल्कि रामपुर में भी उनका प्रभाव खत्म होते गया.
आजम खान की पत्नी ने पुलिस को बाहर निकाला
इन सब के बीच बुधवार की शाम खबर आई की रामपुर जिला प्रशासन ने यूनिवर्सिटी परिसर के 38 भवनों को अवैध घोषित कर इन्हें ध्वस्त करने का प्रशासनिक आदेश दिया है. जिससे रामपुर का सियासी पारा चढ़ गया है. इस बीच गुरुवार को आजम खान की पत्नी और पूर्व विधायक डॉक्टर तंजीन फातिमा जौहर यूनिवर्सिटी पहुंची जहां उन्होंने कहा कि उनके पास 15 दिन का समय है. इस दौरान उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को यूनिवर्सिटी से बाहर करवा दिया. उन्होंने परिसर के अंदर तैनात पुलिसकर्मियों से बाहर जाने को कहा.
आम लोगों के लिए खुली जौहर यूनिवर्सिटी जाने वाली मुख्य सड़क
यहीं नहीं उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग ने आजम खान के मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय परिसर से गुजरने वाली मुख्य सड़क को सार्वजनिक सड़क घोषित कर दिया है और विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर ‘साइन बोर्ड' लगा दिया है कि यह सड़क आम जनता के आवागमन के लिए खुली है.यह तीन किलोमीटर लंबी, चार लेन वाली सीमेंट-कंक्रीट सड़क है, जिसका निर्माण अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में 2016-17 में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने लगभग 17.16 करोड़ रुपये की लागत से कराया था.
कैसा था आजम का दबदबा? भैंस चोरी केस से समझिए
आजम खान उत्तर प्रदेश सरकार में 4 बार कैबिनेट मंत्री और राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका भी निभा चुके हैं. यूपी की सियासत में आजम खान का कितना दबदबा था? इसका अंदाजा इसी बात से लगता है कि जब 2014 में आजम के फार्महाउस से 7 भैसों की चोरी हुई तो उसे खोजने के लिए पुलिस की कई टीम लगा दी गई थी.
पुलिस ने 24 से 36 घंटे के भीतर कड़ी मशक्कत कर सभी भैंसों को ढूंढ निकाला था. बरामदगी के बाद जब भैंसों को थाने लाया गया तो उन्हें मच्छरों से बचाने के लिए कॉयल और पंखे चलाए गए और खाने में गुड़ और हरा चारा परोसा गया था. समझ सकते हैं जब आजम के भैसों का ऐसा रौला था तो नेता जी ऐसा दबदबा रहा होगा.
आजम खान का कैसे शुरू हुआ बुरा वक्त?
लेकिन 2014 में केंद्र में नरेंद्र मोदी और 2017 में यूपी में योगी की सरकार बनने के बाद आजम खाम का बुरा वक्त शुरू हुआ. एक-एक कर आजम खान से जुड़े कई केस सामने आए. वो फाइलें बंद थी, वो खुली, कोर्ट-कचहरी का चक्कर शुरू हुआ, फिर आजम की जेल की सजा हुई, उनके परिवार के कई लोग भी सजा की जद में आए.
पिता से लेकर पुत्र तक के दस्तावेज में झोल
भड़काऊ भाषण और फर्जी जन्म प्रमाण पत्र जैसे मामलों में दोषी ठहराए जाने के बाद आजम खान की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई. कानून के तहत चुनाव लड़ने पर रोक लगने से उनका सीधा राजनीतिक हस्तक्षेप खत्म हो गया. आजम खान ने अपने बेटे अब्दुल्ला आजम को कम उम्र में चुनाव लड़ाने के लिए कथित तौर पर दो जन्म प्रमाण पत्र और दो पैन कार्ड बनवाए. इस एक बड़ी चूक ने विरोधियों को कानूनी सबूत दे दिए, जिसके बाद उन पर एक के बाद एक कई मुकदमे दर्ज हुए.
रामपुर में आजम खान का ड्रीम प्रोजेक्ट मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी का मुख्य द्वार.
Photo Credit: सोशल मीडिया
आजम के ड्रीम प्रोजेक्ट जौहर यूनिवर्सिटी पर एक्शन
अभी आजम खान रामपुर जेल में बंद है. आजम खान के दबदबे पर चोट की हालिया कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़ी है. आजम खान का ड्रीम प्रोजेक्ट मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी उनके पतन का बड़ा कारण बना. इस पर जमीन कब्जाने और सरकारी पैसे के दुरुपयोग के करीब 100 से अधिक मामले दर्ज हुए.
जौहर यूनिवर्सिटी के 38 कमरों को ढहाने का आदेश
हाल ही में रामपुर विकास प्राधिकरण ने यूनिवर्सिटी के अवैध बने 38 कमरों को ढहाने का आदेश भी जारी किया है. इस विश्वविद्यालय की स्थापना समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान ने की थी. वर्तमान में जेल में बंद आजम खान विश्वविद्यालय के आजीवन कुलाधिपति तथा इसकी संचालक संस्था मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं.
आजम खान की गैर-मौजूदगी और कानूनी शिकंजे के कारण उनके करीबी सहयोगियों ने उनका साथ छोड़ दिया. रामपुर लोकसभा और विधानसभा उपचुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जिससे रामपुर पर उनका नियंत्रण समाप्त होता गया.