- राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला ने परिवार और दोस्तों पर लगभग 19 लाख रुपये खर्च किए
- अविनाश ने अपने भाई की शादी पर करीब 6 लाख रुपये खर्च किए और दूसरे भाई को 5-6 लाख रुपये दिए
- जांच में पता चला कि अविनाश ने करीब तीन लाख पचास हजार रुपये की कार खरीदी थी जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है
राम मंदिर चढ़ावा चोरी का पैसा कहां-कहां और किन लोगों पर लुटाया गया इस बात की जांच चल रही है. आरोपी अविनाश शुक्ला ने पुलिस पूछताछ में कई अहम खुलासे किए हैं. सूत्रों के मुताबिक, अविनाश ने ये बात मानी कि मंदिर से चोरी किए गए दान की बड़ी रकम उसने अपने परिवार, दोस्तों और निजी शौक पूरे करने में खर्च की.
परिवार और दोस्तों पर लुटाए करीब 19 लाख
अविनाश ने खुलासा किया कि उसने परिवार और दोस्तों पर करीब 19 लाख रुपये खर्च किए. उसने अपने भाई की शादी पर लगभग 6 लाख रुपये खर्च किए, जबकि दूसरे भाई को 5 से 6 लाख रुपये दिए भी.पुलिस जांच में ये भी पता चला है कि उसने करीब 3.5 लाख रुपये की एक कार खरीदी थी, जिसे बरामद कर लिया गया है. जांच में यह भी सामने आया है कि उसने कई अन्य लोगों को भी छोटी-छोटी रकम बांटी थी. इस मामले में पुलिस ने अविनाश के दो भाइयों से भी पूछताछ की और जांच से संबंधित दस्तावेज जब्त किए.
गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किया iPhone
इसके अलावा उसने अपनी गर्लफ्रेंड को एक आईफोन गिफ्ट किया और करीब 2.5 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी किए. जांच एजेंसियां इन सभी वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और संबंधित संपत्तियों की गहन जांच कर रही हैं.
अविनाश के भाई के नाम पर खरीदी जमीन की जांच
अधिकारियों के मुताबिक, अविनाश के भाई अभिषेक शुक्ला के नाम साल 2024 में खरीदी गई जमीन की जांच की जा रही है. इसके साथ ही उन बैंक खातों की भी पड़ताल चल रही है, जिनमें कथित तौर पर रकम ट्रांसफर की गई थी. अलग-अलग लोगों को ट्रांसफर की गई रकम की वसूली के लिए कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है. सूत्रों के मुताबिक, राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोपी अविनाश शुक्ला के कब्जे से 20.39 लाख रुपये नकद, 1,121 अमेरिकी डॉलर, सोने और चांदी के आभूषण, अन्य कीमती सामान के साथ ही एक कार भी बरामद की गई है.
ये भी पढ़ें-राम मंदिर चढ़ावा चोर अविनाश शुक्ला को गांव लेकर जा रही पुलिस, मां-बाप से 1 घंटे की पूछताछ में भी खंगाले राज