असम में आज (9 अप्रैल) 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है. असम की सभी सीटों पर एक ही चरण में चुनाव करवाए जा रहे हैं. लेकिन मतदान से एक दिन पहले असम की एक सीट उदालगुड़ी की अचानक से चर्चा होने लगी. दरअसल इस सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार ने वोटिंग से एक दिन पहले ही पार्टी को बुरा-भला कहते हुए पार्टी छोड़ने की घोषणा कर दी. ऐसी स्थिति में यह दिलचस्प हो गया है कि आज वोटर लिस्ट पर कांग्रेस के जिस उम्मीदवार का नाम है, वह उम्मीदवार पार्टी से ही नाता तोड़ चुका है.
उदालगुड़ी सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार सुरेन डाइमरी ने असम विधानसभा चुनाव से ठीक एक दिन पहले पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपने इस फैसले के लिए पार्टी नेतृत्व को जिम्मेदार ठहराया है और कहा है कि उनके साथ धोखा हुआ है. कांग्रेस के 73 वर्षीय नेता डाइमरी ने पार्टी के प्रति अपनी निराशा व्यक्त करते हुए कांग्रेस को एक धोखेबाज पार्टी बताया. उन्होंने पत्रकारों से कहा," पार्टी नेतृत्व ने मेरे साथ धोखा किया. मुझे टिकट देने के बाद भी कोई जवाब नहीं दिया. मैंने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया."
डाइमरी ने आगे कहा, "मुझे कोई समर्थन नहीं मिला, इसीलिए मैंने पार्टी से किनारा कर लिया." डाइमरी ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी ने उनके साथ "गद्दारी" की है और उनकी "पीठ में छुरा घोंपा" है.
पार्टी के उदालगुड़ी उम्मीदवार सुरेन डाइमारी
Photo Credit: eci.gov.in
कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रिया
उदालगुड़ी में हुए इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता दीप बयां ने बीजेपी का हाथ बताया है. उन्होंने एनडीटीवी से बात करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा उम्मीदवारों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है.
दीप बयां ने आरोप लगाया कि प्रदेश में राजनीतिक नेताओं को पैसे देकर "खरीदने" के प्रयास किए जा रहे हैं. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे प्रयासों से पार्टी के प्रदर्शन पर कोई असर नहीं पड़ेगा और कांग्रेस को अभी भी पूरे राज्य में जनता का भरपूर समर्थन प्राप्त है.
उन्होंने आगे कहा कि पार्टी भविष्य में उम्मीदवारों के चयन में अधिक सावधानी बरतेगी. दीप बयां ने कहा, "जनता अपने मत के माध्यम से जवाब देगी. हमें विश्वास है कि असम की जनता भारी संख्या में कांग्रेस का समर्थन करेगी और हम सरकार बनाएंगे."
ये भी पढ़ें-: असम में मतदान जारी: CM हिमंत बिस्वा सरमा ने पूजा कर भगवान से मांगा आशीर्वाद, वीडियो किया पोस्ट














