Assam News In Hindi: असम विधानसभा चुनाव 2026 (Assam Assembly Elections 2026) की सरगर्मियों के बीच एक ऐसी 'करोड़पति' उम्मीदवार की चर्चा हो रही है, जिसकी संपत्ति का आंकड़ा अच्छे-अच्छे दिग्गजों के पसीने छुड़ा रहा है. कोकराझार विधानसभा (Kokrajhar Assembly) सीट से बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) की उम्मीदवार सेवली मोहिलरी (Sewli Mohilary) ने अपने चुनावी हलफनामे में जो जानकारी दी है, उसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
बैंक अकाउंट में 5.26 करोड़
49 वर्षीय सेवली मोहिलरी की रईसी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके पास एक या दो नहीं, बल्कि कुल 37 बैंक अकाउंट हैं. इन खातों में करीब 5.26 करोड़ रुपये जमा हैं. लेकिन बात सिर्फ कैश तक सीमित नहीं है. सेवली के पास 32 वाहनों का एक बड़ा बेड़ा है, जिसकी कुल कीमत 12 करोड़ रुपये से भी ज्यादा है. उनके इस 'काफिले' में 16 टिप्पर ट्रक और 4 ट्रैक्टर भी शामिल हैं, जो उनकी व्यावसायिक मजबूती को दर्शाते हैं.
पति से 5 गुना ज्यादा अमीर पत्नी
दिलचस्प बात यह है कि सेवली मोहिलरी के पति और BPF प्रमुख हाग्रामा मोहिलरी, जो बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (BTC) के चीफ भी रहे हैं, अपनी पत्नी के मुकाबले काफी 'गरीब' नजर आते हैं. सेवली मोहिलरी की कुल संपत्ति 54.4 करोड़ रुपये है, जबकि उनके पति हाग्रामा मोहिलरी की कुल संपत्ति मात्र 9.17 करोड़ रुपये है. वहीं, अचल संपत्ति की बात करें तो सेवली के पास 20.03 करोड़ रुपये की कृषि भूमि और कमर्शियल बिल्डिंग्स भी हैं.
असम के अन्य 'दिग्गजों' का क्या है हाल?
भले ही सेवली की संपत्ति चर्चा में है, लेकिन वे असम के सबसे अमीर उम्मीदवार बदरुद्दीन अजमल से पीछे हैं. इत्र कारोबारी और AIUDF प्रमुख अजमल ने अपनी कुल संपत्ति 222.34 करोड़ रुपये घोषित की है. वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और उनकी पत्नी रिनिकी भुइयां सरमा की संपत्ति में भी भारी इजाफा हुआ है. साल 2021 में उनकी कुल संपत्ति 17.27 करोड़ रुपये थी, जो 2026 तक बढ़कर 35.16 करोड़ रुपये हो गई है.














