- महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाडा इलाके में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और ब्लैकमेल का मामला सामने आया है
- पुलिस ने इस गंभीर मामले की जांच के लिए SIT में महिला अधिकारी समेत 50 से अधिक कर्मियों को शामिल किया है
- मुख्य आरोपी मोहम्मद अयाज उर्फ अयान समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस कस्टडी में रखा गया है
Amravati Crime Case: महाराष्ट्र के अमरावती जिले के परतवाडा इलाके में सामने आए नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और 350 अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने के मामले में पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है. अमरावती ग्रामीण पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि SIT में 2 महिला अधिकारी, 11 वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और 40 कर्मचारी शामिल किए गए हैं. 51 लोगों की एसआईटी में साइबर क्राइम और अन्य विशेषज्ञ अधिकारी भी जांच में अहम भूमिका निभाएंगे.
मुख्य आरोपी समेत कई गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुख्य आरोपी मोहम्मद अयाज उर्फ अयान मोहम्मद तनवीर फिलहाल पुलिस कस्टडी में है. इसके अलावा उजेर खान, इकबाल खान, तरबेज खान, तस्लिम खान, मोहम्मद साद और मोहम्मद सादिक को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. एसपी विशाल आनंद ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और आरोपियों को जल्द सजा दिलाने के लिए तेजी से जांच की जा रही है.
सोशल मीडिया के जरिए बनाता था शिकार
जांच में सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सएप और स्नैपचैट जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए नाबालिग लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था. इसके बाद उनके अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया जाता था.
आरोपी के घर पर चला बुलडोजर
15 अप्रैल को जिला प्रशासन ने आरोपी की परतवाडा स्थित संपत्ति पर अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की. प्रशासन की इस कार्रवाई को सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है. एसपी विशाल आनंद ने अमरावती के नागरिकों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है.
शिकायत के बाद खुला मामला
इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर शिकायत की. शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी ने नाबालिग लड़कियों को मुंबई और पुणे ले जाकर 350 से ज्यादा अश्लील वीडियो बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर वेश्यावृत्ति में धकेलने की कोशिश की.
180 नाबालिगों का यौन शोषण, 350 अश्लील वीडियो... आरोपी अयान के घर पर चला बुलडोजर
(शुभम बैसकर की रिपोर्ट)














