अमरावती के परतवाड़ा इलाके में नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में पुलिस जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस को उस फ्लैट का पता चल गया है, जहां कथित तौर पर इन घृणित वारदातों को अंजाम दिया जाता था.
नाबालिगों के साथ करता था दुष्कर्म
पुलिस जांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी अहमद अयान पीड़ित नाबालिग लड़कियों को अमरावती के कठोरा नाका क्षेत्र स्थित एक रेजिडेंसी की तीसरी मंजिल पर बने फ्लैट में ले जाया करता था. इसी फ्लैट में लड़कियों के साथ शोषण की घटनाएं होने और आपत्तिजनक वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई है.
यह भी पढ़ें- तेलंगाना के नलगोंडा में बड़ा हादसा, खेल-खेल में कार के अंदर लॉक होने से 5 साल की मासूम बच्ची की मौत
दोस्त को देता था 500 रुपये
चौंकाने वाली जानकारी यह भी मिली है कि आरोपी अयान हर बार इस फ्लैट का इस्तेमाल करने के लिए अपने एक दोस्त को 500 रुपये देता था. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए फ्लैट के मालिक और आरोपी के दोस्त को भी गिरफ्तार कर लिया है.
फ्लैट पर आती थीं लड़कियां
जांच में सामने आया है कि इस फ्लैट में अक्सर लड़कियों को लाया जाता था. पुलिस टीम ने बुधवार को खुद मौके पर जाकर फ्लैट का निरीक्षण किया और वहां से कई अहम सबूत जुटाए हैं. फिलहाल पुलिस इस बात की गहन जांच कर रही है कि इस अपराध में अहमद अयान के अलावा और कौन‑कौन लोग शामिल थे और क्या यह किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा था. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी.














