- हैदराबाद की एक हाउसिंग सोसायटी में धर्म के आधार पर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है.
- यहां एक शख्स मुसलमान परिवार को पाकिस्तानी बताता है. जिसके बाद हंगामा हुआ.
- वायरल वीडियो में मुसलमान परिवार का एक युवक यह कहता दिख रहा है कि मेरे दादा इंडियन आर्मी में सूबेदार थे.
हैदराबाद की एक हाउसिंग सोसायटी से हंगामे का वीडियो सामने आया है. जिसमें पुलिस की मौजूदगी में कुछ लोग आपस में बहस करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में एक शख्स दूसरे को पाकिस्तानी और घुसपैठिया बताता नजर आ रहा है. जिस पर दूसरे पक्ष के लोग यह कहते दिख रहे हैं कि हम मुसलमान हैं तो क्या पाकिस्तानी हो गए. मेरे दादा भारतीय फौज में सूबेदार थे. वह यह भी पूछता नजर आ रहा है कि आप मुझे पाकिस्तानी कहने वाले कौन होते हैं?.. हैदराबाद के अपार्टमेंट में हुए इस विवाद के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. छानबीन की जा रही है.
जनप्रिया लेकफ्रंट अपार्टमेंट की घटना
घटना मल्कजगिरी कमिश्नरेट जोन के तहत कपरा में जनप्रिया लेकफ्रंट अपार्टमेंट की है. जहां रह रहे एक परिवार के लोग और अपार्टमेंट एसोसिएशन के सदस्यों के बीच बहस हो गई. विवाद तब बढ़ गया जब सोसाइटी कमेटी के एक अज्ञात सदस्य ने सार्वजनिक बहस के दौरान एक निवासी को पाकिस्तानी और अवैध निवासी कहा.
'आप मुझे पाकिस्तानी कहने वाले कौन, मेरे दादा इंडियन आर्मी में सूबेदार थे'
युवक ने इन टिप्पणियों पर कड़ी आपत्ति जताई और उसे यह पूछते हुए सुना गया, 'आप मुझे पाकिस्तानी कहने वाले कौन होते हैं? आपके पास क्या सबूत है?' अब वायरल हो रहे वीडियो में वह यह भी कहता है, 'मेरे दादाजी इंडियन आर्मी में सूबेदार थे. बार-बार यह तर्क देता है कि वह एक भारतीय नागरिक है.
'हम मुसलमान हैं, वो हमें पाकिस्तानी बता रहे'
वीडियो बनाने वाले उसके परिवार ने कहा, 'हम मुसलमान हैं, और वे हमें पाकिस्तानी बता रहे हैं, जो गलत है. पुलिस भी कुछ नहीं कर रही है. जनप्रिया लेकफ्रंट के निवासियों का कहना है कि यह घटना जनप्रिया लेकफ्रंट कॉम्प्लेक्स के D ब्लॉक में हुई. बहस बढ़ने पर सोसाइटी के कई अन्य निवासी भी मौके पर जमा हो गए. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को शांत करने की कोशिश की.
कपरा पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने और टिप्पणियों पर लोगों के गुस्से के बाद, कपरा पुलिस ने इस आरोप पर मामला दर्ज किया कि निवासी के साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसे पाकिस्तानी कहकर अपमानित किया गया. पुलिस ने वीडियो फुटेज की जांच और इसमें शामिल लोगों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है.
जानबूझकर की बहस तो होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार जांच से घटनाओं का सही क्रम और यह तय होगा कि जानबूझकर अपमान, उकसावे, आपराधिक धमकी या दुश्मनी को बढ़ावा देने से संबंधित अपराध हुए हैं या नहीं. वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जांच के नतीजों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने कहा कि मामला जांच के अधीन है और आगे की कार्रवाई जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों पर निर्भर करेगी.
यह भी पढ़ें - सिख ने बनाया, मुसलमान करते हैं हिफाजत: सरहद के इस मंदिर में गूंजी अमन की दुआ; दिल्ली-हरियाणा से पहुंचे श्रद्धालु