- गूगल ट्रेंड्स के डेटा के अनुसार इस साल होली से एक सप्ताह पहले से होली से जुड़ी सर्चिंग में तेजी आई है
- राजस्थान में होली संबंधित गूगल सर्चिंग सबसे ज्यादा हुई है, इसके बाद उत्तराखंड, हरियाणा, यूपी और दिल्ली है
- इस बार गूगल पर Holi AI Photo Editing Prompt की सर्चिंग में 250 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है
होली आने वाली है. अब तक सबसे बड़ा सवाल यही होता था कि होली कब है? 2023 में गूगल इंडिया ने X (पहले ट्विटर) पर पोस्ट भी किया था कि गूगल पर सबसे बड़ा सवाल यही है कि 'होली कब है?' 1975 में आई शोले फिल्म में गब्बर सिंह के मुंह से निकला ये डायलॉग सालों तक गूगल पर टॉप सर्चिंग में रहा. अब भी है लेकिन समय के साथ चीजें बदलती जाती हैं.
गूगल ट्रेंड्स का डेटा देखें तो पता चलता है कि अब सर्चिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का असर भी साफ देखने को मिलता है. गूगल ट्रेंड्स के दो साल की होली का डेटा एनालाइज करने पर ये फर्क समझ में आता है.
क्या कहता है गूगल ट्रेंड्स का डेटा?
होली आने में अभी पूरा एक हफ्ता बाकी है लेकिन इससे पहले गूगल पर इसे लेकर सर्चिंग होने लगी है. इस बार गूगल की सर्चिंग में AI का असर भी देखने को मिल रहा है.
गूगल ट्रेंड्स का डेटा बताता है कि अब गूगल पर होली को लेकर सर्चिंग बढ़ गई है. गूगल ट्रेंड्स कीवर्ड्स की सर्चिंग के हिसाब से उसे 0 से 100 के पैमाने पर दिखाता है. अगर किसी वक्त या किसी दिन ये स्कोर 100 है तो उस वक्त और उस दिन उस कीवर्ड्स की सर्चिंग सबसे ज्यादा है.
23 फरवरी से 26 फरवरी का डेटा बताता है कि 23 फरवरी को होली कीवर्ड्स की सर्चिंग का लेवल 68 था. 24 फरवरी को ये बढ़कर 74 हुआ और 25 तारीख को 87 पर पहुंच गया. वहीं, 26 फरवरी को इसकी सर्चिंग का लेवल 100 पर रहा.
डेटा ये भी बताता है कि होली को लेकर सबसे ज्यादा सर्चिंग राजस्थान में हो रही है. इसके बाद उत्तराखंड, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में लोग होली को लेकर खूब सर्च कर रहे हैं.
वहीं, देखा जाए तो इस बार लोग गूगल पर अपनी तस्वीरों को बेहतर बनाने के लिए AI Prompt मांग रहे हैं. 'Holi AI Photo Editing Prompt' की सर्चिंग टॉप पर पहुंच गई है. डेटा बताता है कि इस कीवर्ड्स की गूगल पर सर्चिंग 250% तक बढ़ गई है. 'Holi Pujan kab hai' से भी लोग गूगल पर खूब सर्च कर रहे हैं.
इसके अलावा, गूगल पर लोग 'Holi Prompt Gemini', 'Holi AI Photo Editing' और 'Holi Prompt' जैसे कीवर्ड्स से भी सर्च कर रहे हैं.
पहले क्या सर्च होता था?
अब अगर होली पर होने वाली सर्चिंग की तुलना पिछली होली से की जाए तो एक बड़ा अंतर दिखता है. पिछले साल होली 14 मार्च को पड़ी थी.
गूगल ट्रेंड्स पर 10 से 14 मार्च 2025 के बीच का डेटा देखें तो सबसे ज्यादा सर्चिंग 14 मार्च को ही रही, क्योंकि उसी दिन होली थी. उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान और झारखंड में सबसे ज्यादा सर्चिंग हुई.
2025 में होली को लेकर सबसे ज्यादा बधाई और शुभकामनाएं संदेश के बारे में सर्च किया गया. 2025 में होली के समय गूगल पर 'Happy Holi Wishes Quotes', 'Happy Holi Wishes Images', 'Happy Holi GIF', 'Holi Wishes For Love' और 'Happy Holi Images download' जैसे कीवर्ड्स टॉप सर्च में रहे.
अब देखा जाए तो 2025 में गूगल पर जो सर्च हुआ और इस साल जो सर्च हुआ, उससे पता चलता है कि अब लोग होली पर Wishes की बजाय AI Prompt ज्यादा ढूंढते हैं, ताकि अपनी तस्वीरों को AI के माध्यम से सुंदर बना सके.













