पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर प्रजा पोल के एग्जिट पोल की मानें तो इस बार बंगाल में बड़ा उलटफेर होने की संभावना है. ममता बनर्जी की सरकार पर खतरा मंडरा रहा है और इस बार बंगाल में भगवा झंडा लहरा सकता है. अगर ऐसा हुआ तो ये पहली बार होगा, जब पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनेगी. अगर ये अनुमान नतीजों में बदलते हैं तो यह बंगाल की राजनीतिक दिशा को पूरी तरह बदल देगा.
इस एग्जिट पोल सर्वे में भारतीय जनता पार्टी को 193 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है. सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस महज 100 सीटों पर सिमट सकती है. प्रजा पोल ने अपने सर्वे में 15 सीटों की घट-बढ़ होने की बात कही है. बता दें कि 294 सीटों वाली बंगाल विधानसभा में बहुमत हासिल करने के लिए 148 सीटों की जरूरत होती है.
प्रजा पोल का अनुमान है कि इस बार बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी 65 फीसदी से ज्यादा वोट हासिल करके सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभर सकती है. ममता बनर्जी को इस बार तगड़ा झटका लग सकता है और उनकी पार्टी के खाते में महज 34 फीसदी वोट ही आते बताए गए हैं.
प्रजा पोल की तरह मैट्रिज (Matrize) के एग्जिट पोल में भी पश्चिम बंगाल में बीजेपी को बंपर फायदा होने का अनुमान लगाया गया है. मैट्रिज के एग्जिट पोल सर्वे में बीजेपी के खाते में 146 से 161 के बीच सीटें आने का अनुमान लगाया गया है. इस सर्वे के मुताबिक, टीएमसी को 125 से 140 के बीच सीटें मिल सकती हैं.
बंगाल चुनाव को लेकर बुधवार को सामने आए P-Marq के एग्जिट पोल में भी बीजेपी की सरकार बनती बताई गई है. इस सर्वे में कहा गया है कि बीजेपी गठबंधन 150 से 175 के बीच सीटें लेकर बंगाल में कमल खिला सकता है. वहीं ममता बनर्जी की पार्टी को 118-138 सीटों से संतोष करना पड़ सकता है.
पोल डायरी के एग्जिट पोल सर्वे में बीजेपी को 142 से 171 के बीच सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है. वहीं इसके मुताबिक, टीएमसी अपनी सबसे खराब स्थिति में 99 सीटों तक सिमट सकती है. पोल डायरी ने टीएमसी को 99 से लेकर 127 सीटें मिलने की संभावना जताई है.
इस तरह देखा जाए तो इन तीनों एग्जिट पोल्स में बंगाल में बीजेपी का परचम लहराने की संभावना जताई गई है. इन सर्वे की मानें तो मतदाताओं के रुझान बताते हैं कि विकास और परिवर्तन के वादों ने जमीन पर असर दिखाया है. हालांकि यह केवल शुरुआती अनुमान हैं और अंतिम नतीजे 4 मई को चुनाव परिणाम के साथ ही साफ होंगे.
देखें- Exit Poll और ओपिनियन पोल में क्या होता है अंतर? जानें कब हुई थी इनकी शुरुआत














