केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रैली की AAP को मिली इजाजत, 'INDIA' के बड़े नेता होंगे शामिल

इस रैली में मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव, शरद पवार, उद्धव ठाकरे, झारखंड के CM चंपाई सोरेन और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी शामिल होंगी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी को रविवार 31 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली की इजाज़त मिल गई है. दिल्ली पुलिस ने इसकी अनुमति दे दी है. बताया जाता है कि इस रैली में INDIA अलायंस के सभी दल शामिल होंगे और यहां INDIA गठबंधन का ही बैनर लगेगा. इसमें विपक्ष के कई बड़े नेता शामिल होंगे.

सूत्रों के मुताबिक इस जनसभा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव, झारखंड के CM चंपाई सोरेन और हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी शामिल होंगी. साथ ही महाराष्ट्र से शरद पवार और उद्धव ठाकरे भी मौजूद होंगे. वहीं TMC से डेरेक ओब्रायन के भी आने की खबर है.

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ रामलीला मैदान में ये रैली हो रही है.

आम आदमी पार्टी (AAP) संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (INDIA) रामलीला मैदान में बड़ी रैली कर रही है.

केजरीवाल फिलहाल प्रवर्तन निदेशालय की हिरासत में हैं. उन्हें एजेंसी ने 21 मार्च को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार किया था.

Advertisement

आम आदमी पार्टी ने कहा था कि उसके कार्यकर्ता केजरीवाल की गिरफ्तारी के साथ-साथ चुनावी बॉण्ड मुद्दे पर आवाज उठाएंगे.

लोकसभा चुनाव में भाजपा का मुकाबला करने के लिए आप, कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), आरजेडी, द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) और समाजवादी पार्टी (सपा) समेत कुछ विपक्षी दलों ने ‘इंडिया' गठबंधन बनाया है.

आप अपने संयोजक केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पिछले एक हफ्ते से विरोध प्रदर्शन कर रही है. इसी के तहत ‘इंडिया' गठबंधन ने 31 मार्च को रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली की घोषणा की है.

ये भी पढ़ें : दिल्ली में 'इंडिया' गठबंधन की महारैली 31 मार्च को, उद्धव और आदित्य ठाकरे भी शामिल होंगे

Featured Video Of The Day
Iran Israel War: Mojtaba Khamenei का ऐलान, Donald Trump के खिलाफ बड़े बदले का प्लान | Breaking News