- दिल्ली, यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सहित पूरे उत्तर भारत में बढ़ता तापमान झुलसा रहा
- दिल्ली में 21 से 24 अप्रैल तक दिन में भयंकर लू और येलो अलर्ट जारी किया गया है जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा
- पंजाब और हरियाणा में भी 24 अप्रैल तक हीटवेव येलो अलर्ट जारी है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी
Heatwave Alert IMD: दिल्ली-यूपी सहित पूरा उत्तर भारत इस समय तपिश में जल रहा है. आसमान से बरसती आग और दिनभर चलती गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही है. पारा 44 के पार जा रहा है. न दिन में चैन है, न रात में. एसी-कूलर भी एक वक्त के बाद जवाब दे रहे हैं. ऐसे में लोगों के लिए गर्मी के ये तेवर झेलना मुश्किल हो रहा है. मौसम विभाग ने दिल्ली में तीन दिन तक हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है. तो एमपी, छत्तीसगढ़, राजस्थान भी इससे अछूते नहीं हैं. 23 अप्रैल तक कोई राहत की खबर नहीं है.
दिल्ली में अब चलेगी लू भयंकर
राजधानी दिल्ली में आज से 24 अप्रैल तक दिन में लू के थपेड़े आपको परेशान करने वाले हैं. आज अधिकतम तापमान 42 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के पार जाएगा. आसमान साफ रहेगा और दिन में लू का येलो अलर्ट है. 22 अप्रैल से 26 अप्रैल के बीच अधिकतम तापमान 42 डिग्री पर ही रहेगा पर न्यूनतम तापमान 26 डिग्री को छुएगा. बारिश का कोई अलर्ट नहीं है.
पंजाब-हरियाणा की बात करें तो यहां भी गर्मी ने कोई राहत नहीं दी है. पंजाब में 2 अप्रैल यानी आज से 24 अप्रैल तक हीटवेव का येलो अलर्ट है. हरियाणा में भी यही हाल रहने वाला है. मतलब साफ है कि दिल्ली से लेकर चंडीगढ़ तक लू के थपेड़े कड़ा इम्तेहान लेंगे.
असम के लिए बारिश भारी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने असम में अगले दो से तीन दिनों तक लगातार बारिश की संभावना जताई है. विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है.गुवाहाटी स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार,पूर्वोत्तर असम और आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण तथा उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश के ऊपर सक्रिय एक अन्य सिस्टम के कारण यह मौसम बना हुआ है. ये दोनों सिस्टम आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों को और तेज कर सकते हैं.
आईएमडी के मुताबिक,असम के अधिकांश इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है,जबकि कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है.असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि लगातार बारिश के कारण शहरी बाढ़,यातायात बाधित होने और भूस्खलन की घटनाएं हो सकती हैं.
इन राज्यों में भी वही हाल
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी-पश्चिमी यूपी में 21 अप्रैल से 25 अप्रैल तक भीषण लू और तापमान हाई रहने वाला है.राजस्थान में सोमवार को सबसे अधिक तापमान कोटा में दर्ज किया गया, जहां पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक चला गया. बाड़मेर में दिन का तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अलवर और चित्तौड़गढ़ में यह 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा. फलौदी में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री, जैसलमेर में 41.1 डिग्री और बीकानेर में 40.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.चूरू और श्रीगंगानगर में 40.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि राज्य की राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा.अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है क्योंकि राज्य में गर्मी तेजी से बढ़ रही है.
आईएमडी ने बताया कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, मध्य प्रदेश, पश्चिमी बंगाल में गंगा के मैदानी भाग, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश के छिटपुट इलाकों में 21 से 25 अप्रैल के बीच अलग-अलग तारीखों पर लू चलने का अनुमान है.
➔21 से 26 अप्रैल के दौरान पश्चिमी बंगाल में गंगा के कुछ मैदानी इलाकों में
➔21-22 अप्रैल के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में
➔21 से 24 अप्रैल के दौरान केरल, माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा 24 और 25 अप्रैल को गुजरात के तटीय क्षेत्रों में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की प्रबल संभावना है.
यह भी पढ़ें- गुवाहाटी में झमाझम बारिश, कई निचले इलाके डूबे; आंधी तूफान की भविष्यवाणी













