बेंगलुरू और पंजाब में भी कोरोना वायरस के एक-एक मामले की पुष्टि, संक्रमित लोगों की संख्या 45 पर पहुंची

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर और केरल के एर्णाकुलम से एक-एक नया मामला सामने आया है. उन्होंने बताया कि देश में कोरोना वायरस से अब तक किसी की भी मौत की खबर नहीं है.

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
पंजाब में इटली से पिछले सप्ताह लौटे एक शख्स को कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है
नई दिल्‍ली:

बेंगलुरू के रहने वाले एक शख्‍स जिसने हाल ही में अमेरिकी की यात्रा की थी, में भी कोरोना वायरस के सक्रमण की पुष्टि हुई है. इसके साथ ही भारत में इस वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्‍या बढ़कर 45 हो गई है. इससे पहले सोमवार को ही पंजाब के होशियारपुर में इटली से पिछले सप्ताह लौटे एक शख्स को कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है जो पंजाब में इस बीमारी का पहला मामला है. पंजाब के प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) अनुराग अग्रवाल ने कहा, ‘‘एयर इंडिया की उड़ान से इटली के मिलान से अमृतसर लौटे शख्स की जांच में कोरोना वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है. वह अपने परिवार के दो अन्य सदस्यों के साथ चार मार्च को दिल्ली के रास्ते अमृतसर अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरा था.’’ उन्होंने बताया कि संक्रमित मरीज होशियारपुर का निवासी है और अमृतसर हवाईअड्डे पर पता चलने के बाद उसे वहां सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया.

  1. अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर और केरल के एर्णाकुलम से एक-एक नया मामला सामने आया है. उन्होंने बताया कि देश में कोरोना वायरस से अब तक किसी की भी मौत की खबर नहीं है. स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने एक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि रविवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में अस्पताल के पृथक वार्ड में जिस व्यक्ति की मौत हुई थी वह कोविड-19 की जांच में निगेटिव पाया गया था. उसे सऊदी अरब से लौटने के बाद कोरोना वायरस के लक्षणों के संदेह में अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
  2. अधिकारियों ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जम्मू में एक मामला सामने आया है. ऐसा ज्ञात हुआ है कि पीड़ित ने ईरान की यात्रा की थी जबकि उत्तर प्रदेश से रोगी आगरा के उन छह लोगों के संपर्क में आ गया था जो कोरोना वायरस की जांच में पॉजिटिव पाये गये थे. दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के रोगी का कोई यात्रा इतिहास नहीं है और वह शहर से इस वायरस से पीड़ित एक अन्य रोगी के संपर्क में आ गया था. इससे पूर्व कुछ अधिकारियों ने कहा था कि रोगी ने इटली की यात्रा की थी.
  3. दिल्ली में कोरोना वायरस से संक्रमण का चौथा मामला सामने आने के बीच केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने एक बैठक की अध्यक्षता की. बैठक में उपराज्यपाल अनिल बैजल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
  4. हर्षवर्धन ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सभी राज्यों को व्यापक दिशा-निर्देश भेज रहे हैं और राज्य सरकारों से कहा गया है कि वे कोरोना वायरस से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए प्रयोगशालाओं और निगरानी तंत्र को मजबूत कर प्रशासनिक अमले को भी सचेत एवं सक्रिय रखें.''
  5. Advertisement
  6. अब तक 8,255 उड़ानों से आए 8,74,708 अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की हवाईअड्डों पर जांच की गई है जिनमें से 1,921 यात्रियों में लक्षण नजर आए थे. इनमें से करीब 177 को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, 33,599 यात्रियों को निगरानी में रखा गया है जबकि 21,867 यात्रियों ने निगरानी अवधि पूरी कर ली है.
  7. कोविड-19 की जांच के संबंध में लिए गए कुल 3,003 नमूनों में से 45 की जांच पॉजिटिव पाई गई जबकि 2,694 निगेटिव निकले. इनमें केरल के वे तीन मरीज भी थे जिन्हें पिछले महीने सेहत में सुधार आने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी.
  8. Advertisement
  9. मंत्रालय ने लोगों से अपना यात्रा इतिहास स्पष्ट तौर पर बताने और स्व घोषणा वाले फॉर्म ठीक से भरने की अपील की है. 90 से अधिक देशों में कोरोना वायरस से 110,041 लोग संक्रमित पाये गये हैं और इससे 3,825 लोगों की मौत हुई है.
  10. अधिकारियों ने बताया कि केरल के कोच्चि में तीन वर्षीय एक बालक कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया. उसके अभिभावक सात मार्च की सुबह छह बजे इटली से कोचीन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि वे थर्मल स्क्रीनिंग से गुजरे और बच्चे में इस बीमारी के लक्षणों का पता चला. परिवार को तुरंत कालामसेरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पृथक वार्ड में भेजा गया. अधिकारियों ने बताया कि अभिभावकों के नमूनों को भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया.
  11. केरल से कोरोना वायरस के रविवार को पांच मामले दर्ज किये गये थे. इनमें से एक परिवार के तीन सदस्यों ने इटली की यात्रा की थी और उनके दो रिश्तेदार उनके संपर्क में आ गये थे.
  12. जम्मू में 63 वर्षीय एक महिला कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है. यह महिला उन दो रोगियों में शामिल हैं जिन्हें सप्ताहांत में प्रशासन ने ‘हाई वायरल लोड मामले' घोषित किया था. जम्मू में अधिकारियों ने बताया कि उनका सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल के पृथक वार्ड में इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर है.
  13. Advertisement
  14. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘महिला की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है जबकि एक अन्य मरीज की रिपोर्ट का इंतजार है.'' अधिकारी ने बताया कि इन दोनों का इटली, दक्षिण कोरिया और ईरान की यात्रा इतिहास है. ये दोनों वहां भर्ती होने के तुरन्त बाद बुधवार को अस्पताल के पृथक वार्ड से भाग गये थे लेकिन इस घटना के कुछ ही घंटों बाद ये वापस आ गये थे.
  15. जम्मू कश्मीर प्रशासन के प्रवक्ता रोहित कंसल ने कहा कि वे स्थिति पर नजर रख रहे हैं और 400 लोगों को जम्मू के सतवारी और सरवाल क्षेत्रों में निगरानी में रखा गया है. कोरोना वायरस का असर होली के पर्व पर दिखाई दे रहा है. मंगलवार को होली का त्योहार मनाया जायेगा और इस वायरस के कारण कई लोगों ने अपने समारोहों को रद्द कर दिया है.
Featured Video Of The Day
Sucherita Kukreti | West Bengal Election 2026: अबकी बार, बंगाल में होगा आर-पार? Mamata Banerjee
Topics mentioned in this article