Robert Pattinson New James Bond: एक ऐसा चेहरा, जिसे कभी दुनिया ने एक रोमांटिक वैम्पायर के रूप में पहचाना, जिसकी एक झलक पर लाखों लड़कियां दीवानी हो जाती थीं. लेकिन वक्त के साथ इस अभिनेता ने अपनी पहचान बदलने का फैसला किया. कभी हॉलीवुड की बड़ी फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे रॉबर्ट पैटिंसन ने अब ऐसा मुकाम हासिल कर लिया है, जिसका सपना दुनिया के बड़े-बड़े सितारे देखते हैं. वह अब जेम्स बॉन्ड बनने जा रहे हैं. यानी हॉलीवुड के सबसे मशहूर वैम्पायर से दुनिया के सबसे चर्चित काल्पनिक जासूस तक का उनका सफर पूरा हो गया है.
40 साल के रॉबर्ट पैटिंसन को मिली 007 की जिम्मेदारी
16 नवंबर 2026 को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि रॉबर्ट पैटिंसन अगली जेम्स बॉन्ड फिल्म में एजेंट 007 की भूमिका निभाएंगे. इसके साथ ही वह डेनियल क्रेग की जगह लेने वाले नए एक्टर बन गए हैं. यह बॉन्ड फ्रेंचाइजी की 26वीं फिल्म होगी. खास बात यह है कि इस फिल्म का निर्देशन डेनिस विलेन्यूव करेंगे, जबकि इसकी स्क्रिप्ट स्टीवन नाइट ने लिखी है. एमी पास्कल और डेविड हेमैन फिल्म के निर्माता होंगे.
हैरी पॉटर से शुरू हुआ था सफर
रॉबर्ट पैटिंसन का जन्म 13 मई 1986 को लंदन में हुआ था. एक्टिंग की दुनिया में उन्हें शुरुआती पहचान 2005 की फिल्म 'हैरी पॉटर एंड द गॉब्लेट ऑफ फायर' से मिली. इसमें उन्होंने सेड्रिक डिगरी का किरदार निभाया था. हालांकि, उनकी जिंदगी बदलने वाली फिल्म 2008 में आई 'ट्वाइलाइट' थी.
इस फिल्म में एडवर्ड कलन का किरदार निभाकर वह रातोंरात दुनियाभर में लोकप्रिय हो गए. 'ट्वाइलाइट' की सफलता के बाद इसके सीक्वल भी बॉक्स ऑफिस पर खूब चले. देखते ही देखते पैटिंसन युवा दर्शकों के सबसे पसंदीदा हॉलीवुड सितारों में शामिल हो गए.
टाइपकास्ट होने से बचने के लिए चुनीं अलग फिल्में
लेकिन पैटिंसन सिर्फ वैम्पायर की छवि तक सीमित नहीं रहना चाहते थे. उन्होंने बड़े बजट की फिल्मों के साथ एक्सपेरिमेंट और गंभीर सिनेमा का रास्ता भी चुना. गुड टाइम, द लाइटहाउस और टेनट जैसी फिल्मों में उनकी एक्टिंग को जमकर तारीफ मिली. क्रिस्टोफर नोलन की टेनट में उन्होंने अपनी अलग स्क्रीन प्रेजेंस से दर्शकों का ध्यान खींचा.
2022 में आई द बैटमैन में ब्रूस वेन और बैटमैन की भूमिका निभाकर उन्होंने साबित किया कि वह बड़े सुपरहीरो किरदारों की जिम्मेदारी भी बखूबी संभाल सकते हैं. इसके बाद मिक्की 17 और 2026 में आई द ड्रामा जैसी फिल्मों ने उनके अभिनय के अलग-अलग रंग दिखाए.
अब डेनियल क्रेग की विरासत संभालेंगे
जेम्स बॉन्ड का किरदार निभाना किसी भी एक्टर के लिए बड़ी चुनौती है. शॉन कॉनरी से लेकर पियर्स ब्रॉसनन और डेनियल क्रेग तक, इस भूमिका ने कई सितारों को अमर पहचान दी है. डेनियल क्रेग ने पांच फिल्मों में 007 का किरदार निभाया था और 2021 में नो टाइम टू डाई के साथ इस सफर को अलविदा कहा.
अब पैटिंसन के सामने उसी विरासत को आगे बढ़ाने की चुनौती है. खास बात यह भी है कि वह पहले ही बैटमैन बनकर पर्दे पर एक मशहूर काल्पनिक किरदार निभा चुके हैं. ऐसे में दर्शकों की नजर इस बात पर रहेगी कि वह जेम्स बॉन्ड को किस अंदाज में पेश करते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं