Avengers Doomsday Advance Booking Collection: हॉलीवुड से 17 दिसंबर को भारत में ऐसा तूफान नजर आ रहा है जो समय के साथ सूनामी बनता दिख रहा है. 23 से ज्यादा सुपरहीरो एक महाशक्तिशाली विलेन से टकराएंगे. फिल्म का बजट लगभग 4600 करोड़ रुपये है. यहां हम बात कर रहे हैं हॉलीवुड सुपरहीरो मूवी 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की. जो अमेरिका में 18 दिसंबर को रिलीज हो रही है, लेकिन भारत में एक दिन पहले. इसकी एडवांस बुकिंग 17 नवंबर को शुरू हुई और 24 घंटे में ही इसने गर्दा उड़ाकर रख दिया. ट्रैकटॉलीवुड डॉट कॉम के मुताबिक इसका एडवांस बुकिंग कलेक्शन लगभग 13 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है.
यह भी पढ़ें: 4600 करोड़ की फिल्म की एडवांस बुकिंग खुलते ही कोहराम, सुबह 7 से रात 10 तक के शो हो रहे हाउसफुल
24 घंटे में 13 करोड़ का कलेक्शन
ट्रैकटॉलीवुड के 18 नवंबर 2026 को सुबह 8:32 के आंकड़ों के मुताबिक, 'एवेंजर्स: डूम्सडे' की भारत में ओपनिंग डे एडवांस बुकिंग से 13.60 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन दर्ज हुआ है. फिल्म के 2,09,593 टिकट बिक चुके हैं. देशभर में इसके 1,505 शो ट्रैक किए गए हैं, जबकि 100 शो हाउसफुल हो चुके हैं. 599 शो तेजी से भर रहे हैं. यह आंकड़ा फिल्म की रिलीज से पहले टिकटों की बिक्री का है. एडवांस बुकिंग के ये आंकड़े बताते हैं कि भारतीय फैन्स के बीच फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्साह है.
रॉबर्ट डाउनी जूनियर बनेंगे सबसे बड़े विलेन
'एवेंजर्स: डूम्सडे' की सबसे बड़ी खासियत है रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी. हालांकि इस बार वह आयरन मैन के रूप में नहीं, बल्कि खतरनाक विलेन डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे. मार्वल की दुनिया में आयरन मैन बनकर दर्शकों का दिल जीतने वाले रॉबर्ट डाउनी जूनियर को एक नए और खतरनाक अवतार में देखना दिलचस्प होगा. फिल्म में क्रिस इवांस, क्रिस हेम्सवर्थ, पेड्रो पास्कल, पॉल रड, एंथनी मैकी, फ्लोरेंस प्यू, वैनेसा किर्बी, टॉम हिडलस्टन, इयान मैकेलेन, पैट्रिक स्टीवर्ट और चेनिंग टैटम भी नजर आएंगे.
कई सुपरहीरो यूनिवर्स होंगे आमने-सामने
'एवेंजर्स डूम्सडे' की कहानी में अलग-अलग यूनिवर्स के सुपरहीरो एक ऐसे बड़े खतरे का सामना करते दिखाई देंगे, जो पूरी दुनिया के अस्तित्व को चुनौती दे सकता है. फिल्म में मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स के साथ एक्स-मैन से जुड़े कई चर्चित चेहरों की मौजूदगी भी दर्शकों के लिए खास आकर्षण है. फिल्म का निर्देशन एंथनी रूसो और जो रूसो ने किया है. दोनों इससे पहले 'एवेंजर्स इन्फिनिटी वॉर' और 'एवेंजर्स एंडगेम' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं.
17 दिसंबर को भारत में रिलीज
'एवेंजर्स डूम्सडे' भारत में 17 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी. इसे अंग्रेजी, हिंदी, तमिल और तेलुगु में रिलीज किया जाएगा. वहीं डिज्नी की आधिकारिक वेबसाइट पर अंतरराष्ट्रीय रिलीज की तारीख 18 दिसंबर 2026 दी गई है. मजेदार यह है कि मार्वल की स्पाइडरमैन ब्रांड न्यू डे ने 2026 में ही भारत में 600 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. अब बारी 'एवेंजर्स डूम्सडे' की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं