विज्ञापन

कौन है ही-मैन? 1900 करोड़ की महंगी फिल्म में लौट रहा 'यूनिवर्स का सबसे पावरफुल मैन', 5 जून को दुनिया भर में रिलीज

Masters of the Universe: कौन है ही-मैन, जिस पर मेकर्स ने खर्च कर दिए हैं 1900 करोड़ रुपये, 5 जून को दुनियाभर में रिलीज हो रही फिल्म.

कौन है ही-मैन? 1900 करोड़ की महंगी फिल्म में लौट रहा 'यूनिवर्स का सबसे पावरफुल मैन', 5 जून को दुनिया भर में रिलीज
ही-मैन मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स 5 जून को हो रही रिलीज
IMDb
नई दिल्ली:

बचपन की वो यादें, 'बाय द पावर ऑफ ग्रेस्कल' चिल्लाते हुए तलवार उठाकर ही-मैन में बदलने वाला प्रिंस एडम. जिसे देखकर हमें लगता था कि काश वैसी ताकतें और तलवार हमारे पास भी हो और हम भी उसकी तरह शक्तिशाली बन जाएं. 1980 के दशक के बच्चों की ही-मैन और उससे जुड़ी कई यादें होंगी. लेकिन अब वही ही-मैन 40 साल बाद बड़े पर्दे पर लाइव-एक्शन अवतार में आ रहा है. अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और मैटेल फिल्म्स की 'मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स (Masters of the Universe)' 5 जून 2026 को भारत समेत दुनिया भर के थिएटर्स में रिलीज हो रही है. आइए जानते हैं कौन है ये ही-मैन, भारत में कब रिलीज होगी ये फिल्म और कितना है बजट, क्या लाएगी खास.

ही-मैन की कहानी: टॉय से ग्लोबल आइकन तक

ही-मैन की बात करें तो हमें जाना पड़ेगा 1970 के दशक के आखिरी वर्षों में. जब मैटेल कंपनी ने कोनन द बारबेरियन जैसी लाइन बनाने की कोशिश की. डिजाइनर मार्क टेलर और रोजर स्वीट ने एक मस्कुलर, जंगली योद्धा का कॉन्सेप्ट बनाया. इस तरह 1981 में मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स टॉय लाइन लॉन्च की गई. ही-मैन का असली नाम प्रिंस एडम है और ये एटर्निया नाम के प्लैनेट का राजकुमार है, जो जादूगरनी की मदद से तलवार उठाकर सबसे ताकतवर योद्धा बन जाता है.

He Man Masters of the Universe का खतरनाक विलेन स्केलेटर

He Man Masters of the Universe का खतरनाक विलेन स्केलेटर

1983 में फिल्मेशन की एनिमेटेड सीरीज 'ही-मैन ऐंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स' में टीवी पर धमाल मचा गया. 130 से ज्यादा एपिसोड, नैतिक संदेश और स्केलेटर जैसा खतरनाक विलेन से सबने कनेक्शन कायम कर लिया. ही-मैन सिर्फ टॉय नहीं, बल्कि 1980s के पॉप कल्चर का प्रतीक बन गया. 1987 में पहली लाइव-एक्शन फिल्म आई, लेकिन वो बॉक्स ऑफिस पर औसत रही. अब 2026 वाला वर्जन नई उम्मीद लेकर आया है.

ही-मैन ऐंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स का ट्रेलर

पृथ्वी पर पले-बढ़े युवा एडम को पता चलता है कि वो एटर्निया का प्रिंस है. उसे अपनी मैजिक पावर स्वॉर्ड ढूंढनी होगी और स्केलेटर की बुराई से अपने घर को बचाना होगा. ट्रेलर में प्रैक्टिकल सेट्स, कलरफुल कॉस्ट्यूम्स, एपिक बैटल और नॉस्टेल्जिक वाइब दिख रही है.

ही-मैन को असल जिंदगी में घूमते-फिरते देखकर मुझे लगा जैसे मैं फिर से बच्चा हो गया हूं. मैं इन छोटी-छोटी प्लास्टिक एक्शन फिगर्स के साथ खेला करता था, और अब इन्हें विशाल, असली इंसानों को शानदार कॉस्ट्यूम्स में देखना मेरे लिए बेहद भावुक करने वाला पल था: ट्रेविस नाइट

फिल्म के डायरेक्टर और स्टारकास्ट

फिल्म का निर्देशन ट्रेविस नाइट ने किया. फिल्म में ही-मैन के रोल में निकोलस गैलित्जिन हैं जबकि जैरेड लेटो विलेन स्केलेटर का किरदार निभा रहे हैं. उनके साथ कैमिला मेंडेस, इदरीस एल्बा, अलिसन ब्राई और मोरेना बैकारिन भी हैं. 

याहू डॉट कॉम के मुताबिक, फिल्म के डायरेक्टर ट्रेविस नाइट ने कहा, 'ही-मैन को असल जिंदगी में घूमते-फिरते देखकर मुझे लगा जैसे मैं फिर से बच्चा हो गया हूं. मैं इन छोटी-छोटी प्लास्टिक एक्शन फिगर्स के साथ खेला करता था, और अब इन्हें विशाल, असली इंसानों को शानदार कॉस्ट्यूम्स में देखना मेरे लिए बेहद भावुक करने वाला पल था.'

He Man Masters of the Universe में ही-मैन बने निकोलस गैलित्जिन

He Man Masters of the Universe में ही-मैन बने हैं निकोलस गैलित्जिन

फिल्म का बजट

विकिपीडिया के मुताबिक, ही-मैन ऐंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स पर 170-200 मिलियन डॉलर (1700-1900 करोड़ रुपये) खर्च हुए. यह 2026 की सबसे महंगी फिल्मों में से एक है. इतना बड़ा बजट इसलिए क्योंकि मैटेल फ्रैंचाइजी को ग्लोबल लेवल पर रिवाइव करना चाहती है, नई जेनरेशन को आकर्षित करने के साथ 80s नॉस्टेल्जिया भी इससे जुड़ा है. फिल्म की लंबाई 141 मिनट (2 घंटे 21 मिनट) है. 

क्या आप तैयार हैं?

80s के दशक के नॉस्टेल्जिया को जगाने वाली हॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ही-मैन ऐंड द मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स भारत में 5 जून 2026 को हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम सहित कई भाषाओं में रिलीज हो रही है. फिल्म को IMAX और 4K स्क्रीन्स पर रिलीज किया जा रहा है. बच्चों से लेकर 80-90 के दशक के फैंस के लिए यह फिल्म स्पेशल होने वाली है. अब देखना यह है कि ही-मैन इस बार क्या जादू चला पाता है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com