सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए 14 साल की लड़कियों को फ्री में लगेगी HPV वैक्सीन, यहां जानें कहां और कैसे लगवानी होगी

स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए किशोरियों के लिए राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) निःशुल्क टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करने जा रही है

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
14 साल की लड़कियों के लिए मोदी सरकार का बड़ा फैसला

स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए किशोरियों के लिए राष्ट्रव्यापी ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) निःशुल्क टीकाकरण कार्यक्रम शुरू करने जा रही है. इस कार्यक्रम के तहत सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा और इसका लक्ष्य देशभर में 14 वर्ष की आयु की लड़कियों को शामिल करना है. सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं के लिए एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती है, और इसके कारण हर साल 40 हजार से अधिक महिलाओं की मौत हो जाती है। इसी खतरे को कम करने के लिए देश में पहली बार बड़े पैमाने पर HPV टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है, जिसके तहत टीका पूरी तरह मुफ्त दिया जाएगा. स्वस्थ नारी की सोच को साकार करने की दिशा में एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है.

कौन-सा टीका मिलेगा?

भारत के राष्ट्रीय कार्यक्रम में Gardasil (क्वाड्रिवेलेंट HPV वैक्सीन)* का उपयोग किया जाएगा. यह वैक्सीन चार मुख्य HPV टाइप के खिलाफ सुरक्षा देती है,

  • HPV 16 और 18: जो सर्वाइकल कैंसर के सबसे बड़े कारण हैं
  • HPV टाइप 6 और 11 से भी सुरक्षा देती है

वैज्ञानिक प्रमाण बताते हैं कि सही उम्र में दी गई एक ही डोज लंबे समय तक मजबूत सुरक्षा प्रदान कर सकती है.

वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाईजेशन की सिफारिशों के अनुरूप कार्यक्रम

यह कार्यक्रम वर्ल्ड हेल्थ आर्गेनाईजेशन की सिफारिशों के अनुरूप है, जो सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन की वैश्विक रणनीति का एक प्रमुख आधार HPV टीकाकरण को मानती है. इसके लागू होने के साथ ही भारत उन 160 देशों की सूची में शामिल हो जाएगा, जहां HPV वैक्सीन राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम का हिस्सा है. बता दें, दुनिया के 90 से अधिक देशों में पहले ही सिंगल-डोज़ HPV टीकाकरण अपनाया जा चुका है, जिससे संक्रमण और कैंसर के मामलों में बड़ी गिरावट देखी गई है. 

नीति किस आधार पर तैयार हुई है?

यह नीति भारत में नेशनल टेक्निकल एडवाइजरी ग्रुप ऑन इम्यूनाइजेशन की सिफारिशों और वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं पर आधारित है. सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि टीके की सप्लाई नियमित रूप से बनी रहे, जिसके लिए Gavi के साथ साझेदारी की गई है. Gardasil वैक्सीन को भारत के दवा नियामक से मंज़ूरी मिल चुकी है और यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वर्षों से सुरक्षित रूप से उपयोग की जा रही है.

कहां मिलेगा मुफ्त HPV टीका?

  • HPV टीकाकरण केवल सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध रहेगा
  • आयुष्मान आरोग्य मंदिर (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र)
  • सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र
  • उप-जिला व जिला अस्पताल
  • सरकारी मेडिकल कॉलेज में मिलेगा 

हर टीकाकरण सत्र में प्रशिक्षित डॉक्टर मौजूद रहेंगे। टीका लगने के बाद उचित समय तक निगरानी की जाएगी और किसी भी आवश्यकता पर 24×7 सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ाव सुनिश्चित रहेगा.

Advertisement

सरकार ने देशभर के माता-पिता और अभिभावकों से अपील की है कि जैसे ही यह योजना शुरू हो, वे अपनी 14 साल की बेटियों का HPV टीकाकरण अवश्य कराएं. सरकार का कहना है कि HPV टीकाकरण जान बचाने वाला एक प्रभावी कदम है, जिससे बेटियों को कैंसर-मुक्त और स्वस्थ भविष्य दिया जा सकता है.

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

Advertisement
Featured Video Of The Day
IND vs Zimbabwe T20 World Cup Breaking News: जिम्बाब्वे ने जीता टॉस, भारत को थमाई बल्लेबाजी
Topics mentioned in this article