सर्वाइकल कैंसर से बचाव का कवच है HPV वैक्सीन, किसे, कब, क्यों और कितनी डोज लेनी चाहिए? पढ़ें 10 जरूरी FAQ

HPV Vaccine: समय पर HPV टीकाकरण से सर्वाइकल कैंसर के मामलों को रोका जा सकता है. यहां इस वैक्सीन से जुड़े कुछ जरूरी सवाल और उनके जवाब जानने के लिए पढ़ते रहें.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
हर साल हजारों महिलाएं सर्वाइकल कैंसर से प्रभावित होती हैं.

HPV Vaccine FAQs: आज पीएम मोदी ने एचपीवी वैक्सीन अभियान का शुभारंभ कर दिया है. आज से 14 साल की लड़कियों को मुफ्त में ये टीका लगाया जाएगा. भारत में महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है सर्वाइकल कैंसर. हर साल हजारों महिलाएं इस बीमारी से प्रभावित होती हैं, जबकि अच्छी खबर यह है कि इसका बचाव संभव है. सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) है और इसी से सुरक्षा के लिए HPV वैक्सीन उपलब्ध है. वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के अनुसार, समय पर HPV टीकाकरण से सर्वाइकल कैंसर के ज्यादातर मामलों को रोका जा सकता है. फिर भी लोगों के मन में कई सवाल और शंकाएं रहती हैं. आइए आसान भाषा में समझते हैं सर्वाइकल वैक्सीन से जुड़े 10 जरूरी सवाल और जवाब.

1. HPV क्या है? (What is HPV?)

एचपीवी (HPV Human Papillomavirus) एक सामान्य वायरस है, जो त्वचा और शरीर के अंदरूनी हिस्सों को संक्रमित कर सकता है. इसके कुछ प्रकार आगे चलकर सर्वाइकल कैंसर का कारण बनते हैं.

2. सर्वाइकल कैंसर क्या होता है? (What is Cervical Cancer?)

यह गर्भाशय के निचले हिस्से (सर्विक्स) में होने वाला कैंसर है. शुरुआती चरण में इसके लक्षण साफ नहीं होते, इसलिए बचाव और समय पर टीकाकरण बहुत जरूरी है.

3. HPV वैक्सीन किसे लगवानी चाहिए? (Who Should Get the HPV Vaccine?)

आमतौर पर 9 से 14 साल की लड़कियों को यह वैक्सीन लगाने की सलाह दी जाती है. इस उम्र में शरीर बेहतर इम्यूनिटी बनाता है. कुछ मामलों में 26 वर्ष तक की युवतियां भी डॉक्टर की सलाह से लगवा सकती हैं.

4. 14 साल की उम्र क्यों जरूरी है? (Why Is the Age of 14 Important?)

इस उम्र में वैक्सीन का असर सबसे ज्यादा और लंबे समय तक रहता है. वायरस के संपर्क में आने से पहले टीका लगवाना अधिक प्रभावी माना जाता है.

5. कितनी डोज लगती हैं? (How Many Doses Are Required?)

WHO की सिफारिशों के अनुसार, 9-14 साल की बच्चियों के लिए एक या दो डोज पर्याप्त हो सकती हैं. बड़ी उम्र में दो या तीन डोज की जरूरत पड़ सकती है. सही संख्या डॉक्टर तय करते हैं.

Advertisement

6. क्या यह वैक्सीन सुरक्षित है?

जी हां. दुनियाभर में 2006 से करोड़ों खुराकें दी जा चुकी हैं. रिसर्च बताती है कि यह वैक्सीन 90% से ज्यादा प्रभावी और सुरक्षित है. सामान्य साइड इफेक्ट में हल्का बुखार या इंजेक्शन वाली जगह पर दर्द हो सकता है.

7. क्या इससे भविष्य में कोई समस्या हो सकती है?

अब तक के वैज्ञानिक अध्ययनों में यह वैक्सीन सुरक्षित पाई गई है. यह प्रजनन क्षमता पर कोई नकारात्मक असर नहीं डालती.

Advertisement

8. क्या शादी के बाद या बड़ी उम्र में भी लगवा सकते हैं?

अगर पहले वैक्सीन नहीं लगी है, तो डॉक्टर की सलाह से बड़ी उम्र में भी लगवाई जा सकती है. हालांकि, कम उम्र में लगवाने पर इसका फायदा ज्यादा होता है.

9. क्या लड़कों को भी यह वैक्सीन लगती है?

कई देशों में लड़कों को भी HPV वैक्सीन दी जाती है, क्योंकि HPV अन्य प्रकार के कैंसर का कारण भी बन सकता है. भारत में फिलहाल प्राथमिक फोकस लड़कियों पर है.

Advertisement

10. क्या वैक्सीन लगवाने के बाद भी टेस्ट जरूरी है?

जी हां. भविष्य में रेगुलर सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग (जैसे पाप स्मीयर टेस्ट) करवाना जरूरी है, क्योंकि वैक्सीन सभी प्रकार के HPV से 100% सुरक्षा नहीं देती.

HPV वैक्सीन सिर्फ एक इंजेक्शन नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा का मजबूत कदम है. जागरूकता, सही जानकारी और समय पर टीकाकरण से हम सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी को काफी हद तक रोक सकते हैं.

Advertisement

(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)

Featured Video Of The Day
मिलिट्री का ‘नोटों से भरा’ विमान क्रैश, 15 की मौत से मचा हाहाकार!