Chakkar Kis Wajah Se Aate Hain: अगर सुबह नींद से उठते ही सिर घूमने लगे, आंखों के सामने अंधेरा छा जाए, शरीर हल्का लगे या कुछ सेकंड के लिए संतुलन बिगड़ जाए, तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए. बहुत लोग सोचते हैं कि यह कमजोरी है या नींद पूरी नहीं हुई. लेकिन अगर ऐसा रोज या बार बार हो रहा है, तो यह शरीर की तरफ से चेतावनी हो सकती है. चलिए, जानते हैं सुबह उठते ही चक्कर किन वजहों से आते हैं.
ब्लड प्रेशर का कम होना
सबसे आम वजह है लो ब्लड प्रेशर. जब हम लेटे हुए अचानक खड़े होते हैं, तो ब्लड प्रेशर थोड़ी देर के लिए गिर सकता है. इससे दिमाग तक खून कम पहुंचता है और चक्कर आते हैं. इसे ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन कहा जाता है. अगर आपको हर सुबह ऐसा महसूस होता है, तो ब्लड प्रेशर की जांच करवाना जरूरी है.
शरीर में पानी की कमी होना
दूसरी बड़ी वजह है शरीर में पानी की कमी. रात भर सोने के दौरान हम पानी नहीं पीते, इसलिए शरीर हल्का डिहाइड्रेट हो जाता है. अगर दिन में भी पानी कम पीते हैं, तो सुबह चक्कर आने की संभावना बढ़ जाती है. इसलिए उठते ही एक गिलास सादा पानी जरूर पिएं.
खून की कमी होना
खून की कमी यानी एनीमिया भी एक कारण हो सकता है. जब शरीर में हीमोग्लोबिन कम होता है, तो दिमाग तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंचती. इससे चक्कर, थकान और कमजोरी महसूस होती है. खासकर महिलाओं और बुजुर्गों में यह समस्या ज्यादा होती है.
यह भी पढ़ें: 35 के बाद महिलाओं के शरीर में क्या-क्या बदलता है? जानना है जरूरी
ब्लड शुगर कम होना
ब्लड शुगर कम होना भी वजह बन सकता है. अगर रात का खाना हल्का था या आप डायबिटीज की दवा लेते हैं, तो सुबह शुगर लेवल गिर सकता है. इससे घबराहट, पसीना और चक्कर आ सकते हैं.
शरीर में विटामिन B12 की कमी
इसके अलावा विटामिन B12 की कमी, कान की अंदरूनी समस्या, ज्यादा तनाव या नींद की कमी भी कारण हो सकते हैं. अगर चक्कर के साथ तेज सिरदर्द, उल्टी, बोलने में दिक्कत, सीने में दर्द या हाथ पैर सुन्न होने जैसे लक्षण हों, तो तुरंत डॉक्टर से मिलें.
रोज सुबह चक्कर आने से बचने के लिए क्या करें?
सुबह अचानक बिस्तर से न उठें. पहले करवट लें, फिर धीरे बैठें. कुछ सेकंड रुकें और फिर खड़े हों. रोज पर्याप्त पानी पिएं, संतुलित भोजन करें और समय समय पर जांच करवाएं. अगर यह समस्या लगातार बनी रहे, तो इसे नजरअंदाज न करें. समय पर ध्यान देना जरूरी है.
Watch Video: एनेस्थीसिया कैसे सुन्न कर देता है शरीर? क्यों लोग डरते हैं इससे, जानिए इससे जुड़े मिथ्स और फैक्ट्स...
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














