Risks of Artificial Intelligence: AI अब हेल्थकेयर सेक्टर को तेजी से बदल रहा है. नई तकनीक से इलाज आसान होने की उम्मीद है, लेकिन हाल ही में सामने आई जानकारी यह भी दिखाती है कि बिना पक्का टेस्टिंग और निगरानी के AI मेडिकल डिवाइस मरीजों के लिए खतरनाक भी बन सकते हैं, जॉनसन एंड जॉनसन की यूनिट ऐक्लेरेंट का TruDi नेविगेशन सिस्टम इसका बड़ा उदाहरण है, जिस पर लगातार घटनाओं और चोटों की रिपोर्ट सामने आ रही हैं.
AI जोड़ने के बाद TruDi सिस्टम में बढ़ीं खराबियां
2021 में ऐक्लेरेंट ने अपने TruDi सिस्टम में AI जोड़ा और इसे “एक बड़ी छलांग” बताया, यह डिवाइस क्रोनिक साइनसाइटिस की सर्जरी में डॉक्टर्स को नेविगेशन में मदद करता है, लेकिन AI अपडेट के बाद FDA को 100 से अधिक खराबी की रिपोर्ट मिलीं, जबकि अपडेट से पहले मात्र सात रिपोर्ट थीं.
2021 के अंत से नवंबर 2025 तक कम से कम 10 मरीज घायल हुए, अधिकतर शिकायतें इस बात की थीं कि TruDi सिस्टम सर्जरी के दौरान गलत लोकेशन दिखा रहा था.
- एक मरीज की नाक से सेरेब्रोस्पाइनल फ्लूइड लीक हुआ
- एक सर्जन ने गलती से खोपड़ी में छेद कर दिया
- दो मरीजों को गलती से धमनी डैमेज होने के बाद स्ट्रोक आया
दोनों स्ट्रोक के मामलों में मरीजों ने टेक्सास में मुकदमा दायर कर कहा कि इन गलतियों में AI की भूमिका हो सकती है.
कंपनी का जवाब
2024 में इंटेग्रा लाइफसाइंसेज ने ऐक्लेरेंट को खरीद लिया. कंपनी का कहना है कि सिर्फ इसलिए कि सर्जरी के दौरान TruDi मौजूद था, यह साबित नहीं होता कि चोट उसी से हुई. इंटेग्रा का दावा है कि AI और चोटों के बीच कोई पक्का सबूत नहीं है.
AI मेडिकल डिवाइस की बढ़ती संख्या और बढ़ते जोखिम
FDA अब तक 1,357 AI आधारित मेडिकल डिवाइस को मंजूरी दे चुका है, जो 2022 की तुलना में दोगुने हैं. इनमें से कई पर सवाल उठ रहे हैं,
- एक हार्ट मॉनिटर ने असामान्य दिल की धड़कनों को नजरअंदाज़ किया
- एक अल्ट्रासाउंड AI ने भ्रूण के अंगों की गलत पहचान की
- येल, जॉर्जटाउन और जॉन्स हॉपकिन्स की रिपोर्ट के अनुसार
- 60 AI डिवाइस 182 रेगुलेटरी रिकॉल से जुड़े पाए गए
यह भी सामने आया कि 43% रिकॉल मंजूरी के एक साल के भीतर हुए
FDA पर बढ़ता दबाव और कम होता स्टाफ
रिपोर्ट के अनुसार, FDA के वैज्ञानिकों ने बताया कि AI वाले नए डिवाइसों की संख्या बहुत तेजी से बढ़ रही है, जबकि एजेंसी का स्टाफ कम होता जा रहा है. पहले FDA ने 40 AI विशेषज्ञों की टीम बनाई थी, लेकिन ट्रम्प प्रशासन के लागत-कटौती अभियान DOGE के दौरान 15 से ज्यादा AI वैज्ञानिक नौकरी छोड़ गए. FDA के पुराने नियम AI-सक्षम डिवाइसों पर पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रहे हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि AI की जटिलता के कारण पहले वाले नियम अब पर्याप्त नहीं हैं और कंपनियों पर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है.
TruDi पर गंभीर आरोप और मुकदमे
एक केस में दावा किया गया कि ऐक्लेरेंट के कुछ अधिकारियों ने AI जोड़ने को “मार्केटिंग टूल” की तरह इस्तेमाल किया और तेजी से बाज़ार में लाने के लिए सुरक्षा मानकों में ढिलाई की. मुकदमे में यह भी कहा गया कि AI मॉडल को सिर्फ 80% एक्यूरेसी से ही इंटीग्रेट किया गया था, जबकि सर्जरी में छोटी गलती भी बड़ी दुर्घटना बन सकती है.
इसे भी पढ़ें: भारत में डायबिटीज टेस्ट पर उठे सवाल, HbA1c के भरोसे इलाज करना पड़ सकता है भारी, एक्सपर्ट ने चेताया
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














