सोनीपत में एक्सप्रेस-वे पर पंचर के बाद टायर बदलवाते कांग्रेस नेता की डिफेंडर को ट्रक ने उड़ाया, दो की मौत; गनमैन गंभीर

यह हादसा गुरुवार शाम उस समय हुआ जब खुशबाज जाटान दिल्ली में कुछ महत्वपूर्ण बैठकों के बाद अपनी डिफेंडर कार से पंजाब लौट रहे थे. पढ़ें रमेश कुमार की यह रिपोर्ट.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
पंचर लगवाने रुके थे खुशबाज जाटान, पीछे से आए ट्रक ने कुचला; सोनीपत हादसे में कांग्रेस नेता और ड्राइवर की मौत.
NDTV Reporter

Khushbaz Jattana Accident News: हरियाणा के सोनीपत जिले से एक बेहद हृदयविदारक खबर सामने आई है. यहां ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में पंजाब कांग्रेस के कद्दावर युवा नेता और पूर्व चेयरमैन खुशबाज जाटान की दर्दनाक मौत हो गई है. इस हादसे में उनके कार ड्राइवर परमिंदर ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनकी सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस का एक जवान गंभीर रूप से घायल है.

कैसे हुआ यह दर्दनाक हादसा?

घटना गुरुवार देर शाम की है, जब खुशबाज जाटान दिल्ली में कुछ महत्वपूर्ण राजनीतिक मुलाकातों के बाद अपनी डिफेंडर कार से वापस पंजाब लौट रहे थे. सोनीपत के पास जखोली टोल प्लाजा के पास उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया.

टायर बदलने के बाद खुशबाज जाटान, उनका ड्राइवर और गनमैन पंचर लगवाने के लिए जखोली टोल प्लाजा पर रुके थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बेकाबू तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खुशबाज और उनके ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी सुरक्षा में तैनात पंजाब पुलिस का सिपाही करनदीप इस वक्त अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है.

सोनीपत अस्पताल में लगा जमावड़ा

शुक्रवार सुबह से ही सोनीपत के सिविल अस्पताल में भारी गमगीन माहौल है. मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. ज्योत्सना की सीधी निगरानी में दोनों शवों का पोस्टमार्टम शुरू कर दिया गया है. 

Advertisement

हादसे की सूचना मिलते ही पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष और सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग सहित कई पूर्व मंत्री और बड़े नेता सोनीपत पहुंच चुके हैं. अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जमा है.

वह एक होनहार युवा नेता थे: राजा वडिंग

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष राजा वडिंग ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, 'यह हमारे लिए अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है. हमने एक गतिशील और होनहार युवा नेता खुशबाज जाटाना को खो दिया है. पूरी कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ी है. यह विश्वास करना कठिन है कि खुशबाज अब हमारे बीच नहीं हैं, यह एक ऐसी क्षति है जिसे कभी नहीं भरा जा सकता.'

Advertisement

कौन थे खुशबाज जाटान?

खुशबाज जाटान पंजाब की राजनीति का एक उभरता हुआ चेहरा थे. वह बठिंडा जिले से ताल्लुक रखते थे. साल 2022 में उन्होंने तलवंडी साबो सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था. वह पंजाब सरकार में महत्वपूर्ण चेयरमैन के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके थे और इलाके के युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे.

ट्रक ड्राइवर को ढूंढ रही पुलिस

हादसे के बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर मौके से फरार हो गया है. सोनीपत पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के आला अधिकारी मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं और फरार ड्राइवर की तलाश में छापेमारी की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद शवों को उनके पैतृक निवास पंजाब ले जाया जाएगा.

ये भी पढ़ें:- दवाओं पर 100 फीसदी टैरिफ! अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नए आदेश पर किए दस्तखत

Featured Video Of The Day
"बाहर से ताला, अंदर तड़प रहे थे लोग..." दिल्ली होटल अग्निकांड में चश्मदीद का दावा