Haryana: करनाल में रोकने पर कार ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, बोनट पर लटकाकर घसीटता रहा ड्राइवर

कार चला रहा युवक नाबालिग था और उसके साथ एक नाबालिग लड़की भी मौजूद थी. वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. आरोपी को पकड़कर जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर दिया गया है और कार को जब्त कर लिया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
करनाल में रोकने पर कार ने पुलिसकर्मी को मारी टक्कर

हरियाणा के करनाल में सेक्टर-6 स्थित सरकारी कॉलेज चौक पर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ड्यूटी पर खड़े एक पुलिसकर्मी को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी. हैरानी की बात यह रही कि टक्कर के बाद पुलिसकर्मी कार के बोनट पर जा गिरा और चालक उसे काफी दूरी तक लेकर भागता रहा. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी और वाहन दोनों को पकड़ लिया. घटना बीते शनिवार की बताई जा रही है.

रोकने पर कार चालक ने मारी टक्कर

पुलिसकर्मी कुलबीर सिंह सेक्टर-6 के सरकारी कॉलेज चौक पर अपनी ड्यूटी निभा रहे थे. इसी दौरान काले शीशों वाली एक संदिग्ध कार वहां से गुजर रही थी. जब पुलिसकर्मी ने गाड़ी को रुकने का संकेत दिया, तो चालक ने न सिर्फ आदेश की अनदेखी की, बल्कि तेज रफ्तार में आगे बढ़ते हुए पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुलबीर सिंह सीधे कार के बोनट पर जा गिरे.

सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना

खुद को बचाने के लिए उन्होंने बोनट को मजबूती से पकड़ लिया. चालक ने गाड़ी की रफ्तार कम नहीं की और पुलिसकर्मी को काफी दूरी तक इसी हालत में लेकर भागता रहा. गनीमत रही कि वह नीचे नहीं गिरे, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई. फुटेज में साफ दिखाई देता है कि पुलिसकर्मी बोनट पर लटका हुआ है और चालक बिना रुके गाड़ी दौड़ा रहा है. कुछ दूरी पर जाकर अचानक ब्रेक लगाने पर पुलिसकर्मी नीचे कूदता नजर आता है, लेकिन इसके बावजूद वह वाहन को रोकने की कोशिश करता है.

सीसीटीवी में यह भी सामने आया कि चालक ने गाड़ी को बैक किया और मौके से फरार हो गया. इस दौरान मौके पर पहुंचे दूसरे पुलिसकर्मी ने तुरंत वायरलेस के जरिए सूचना प्रसारित की, जिसके बाद पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया. सेक्टर-32-33 थाना पुलिस ने आरोपी को ट्रेस कर लिया. जांच में पता चला कि कार चला रहा युवक नाबालिग था और उसके साथ एक नाबालिग लड़की भी मौजूद थी. वाहन पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी. पुलिस जांच अधिकारी निरंजन के अनुसार, आरोपी को पकड़कर जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर दिया गया है और कार को जब्त कर लिया गया है. फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है. (अनूप कपूर के इनपुट के साथ)

Advertisement

यह भी पढे़ं- 

'रेत के सोने' पर काला खेल! विधायक के करीबी पर अवैध वसूली के आरोप, IPS अफसर भी रडार पर

ग्राहक बनकर आई लड़की ने पलक झपकते iPhone किया गायब, डिब्बे में छोड़ गई खिलौना, CCTV में कैद लेडी चोर

Advertisement

Featured Video Of The Day
Iran War: Trump का बड़ा दावा, Strait of Hormuz खोलने की बात, Iran को Stone Age में भेजने की चेतावनी