- हिसार के सेक्टर 14 स्थित सर्वेश हेल्थ सिटी अस्पताल पर इनकम टैक्स विभाग ने सुबह करीब छह बजे छापा मारा था
- इस कार्रवाई का संबंध प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. उमेश कालड़ा और उनके अस्पतालों से जुड़े वित्तीय मामलों से है
- सर्वोदय अस्पताल का सौदा लगभग 107 करोड़ रुपये में हुआ था, लेकिन इसके लिए जरूरी एनओसी अभी बाकी थी
हिसार के सेक्टर 14 स्थित एक 350 बेड के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल सर्वेश हेल्थ सिटी पर बुधवार सुबह करीब 6 बजे इनकम टैक्स विभाग की टीम ने छापा मारा. रोचक बात यह है कि यह अस्पताल शहर का प्रमुख चिकित्सा संस्थान माना जाता है और इसका उद्घाटन हरियाणा के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने ही किया था.सुबह से ही विभाग की टीमें अस्पताल के विभिन्न विभागों में दस्तावेजों की जांच और तलाशी में जुटी रहीं.
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. उमेश कालड़ा से जुड़ी है. उनके सेक्टर 13 स्थित आवास, सर्वेश हेल्थ सिटी और सर्वोदय अस्पताल में एक साथ छापेमारी की गई है. बताया गया कि विभाग को बड़े स्तर पर वित्तीय लेनदेन की सूचना मिली थी और पिछले कुछ समय से संबंधित खातों की निगरानी की जा रही थी.
क्या है पूरा माजरा समझिए
जानकारी के अनुसार सर्वोदय अस्पताल का करीब 107 करोड़ रुपये में बिक्री का सौदा तय हुआ था और इसकी रजिस्ट्री हो चुकी थी लेकिन एनओसी बाकी थी. डाबड़ा चौक रेलवे ओवरब्रिज के नीचे स्थित सर्वोदय मल्टी स्पेशलिटी एंड कैंसर अस्पताल को नारनौल के विजय अस्पताल के संचालक डॉ पुनीत यादव ने खरीदा है और उन्होंने यहां सचालन भी शुरू कर दिया है.इस सौदे के बाद बताया गया कि डॉ. सर्वेश कालड़ा ने हांसी हिसार हाईवे पर 75 करोड़ का सौदा किया था और वहां एक मार्केट खरीदी थी. इस निवेश को लेकर भी जांच एजेंसियां सतर्क थीं.
अन्य जिलों में भी हो सकती हैं प्रॉपर्टी
छापेमारी के दौरान आवास से किसी को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई. अस्पताल परिसर और घर के बाहर हरियाणा नंबर की 4 से 5 कॉमर्शियल गाड़ियां खड़ी देखी गईं. अस्पताल में ओपीडी तो सामान्य रूप से चलती रहीं, लेकिन अकाउंट, रिकॉर्ड रूम और मेडिकल रिकॉर्ड रूम में जांच चल रही है.
सूत्रों का यह भी कहना है कि डॉक्टर की संपत्तियां केवल हिसार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि नारनौल, रेवाड़ी और रोहतक सहित अन्य जिलों में भी अस्पताल व प्रॉपर्टी से जुड़े हित हैं. इस सौदे से जुड़े होने के कारण नारनौल के विजय अस्पताल में भी आयकर विभाग की कार्रवाई जारी रहने की सूचना है. इसके अलावा हिसार में ही डॉ कालड़ा से जुड़े कुछ अन्य साझेदारों के यहां भी रेड की सूचना है. विभागीय सूत्रों के अनुसार मामले की जांच जारी है और संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. मगर शहर में इस रेड के चलते अन्य बड़े अस्पताल संचालकों में चिंता बनी हुई है.














