हरियाणा के यमुनानगर में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच एनकाउंटर हुआ. रादौर के गांव कांजनू पश्चिमी यमुना नहर की पटरी पर मुठभेड़ हुई. पुलिस बाइक सवार दो बदमाशों का पीछा कर रही थी, तभी बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. एक गोली सीआई स्टाफ इंचार्ज की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी. इसके बाद जब पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो एक बदमाश की टांग में जाकर गोली लग गई, जिसके चलते बाइक से दोनों बदमाश गिर गए. बाइक गिरते ही एक बदमाश अपने घायल साथी को छोड़ वहां से भाग खड़ा हुआ. पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए यमुनानगर के सिविल अस्पताल भेज दिया.
पूर्व विधायक की फैक्ट्री पर फायरिंग का मामला
यमुनानगर से पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की जठलाना स्थित फैक्ट्री पर 31 मार्च को दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. हालांकि एक बदमाश अमन को तो कुछ दिन पहले पुलिस ने पकड़ लिया था. पुलिस को इसी दौरान सूचना मिली थी कि अमन के दोनों साथी बाइक पर घूम रहे हैं. तभी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. इसके बाद बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.
सरेंडर का इशारा करती रही पुलिस
पुलिस बार-बार इन बदमाशों को सरेंडर करने का इशारा देती रही. लेकिन बदमाश नहीं माने. जब इंचार्ज राकेश कुमार की बुलेट प्रूफ जैकेट पर गोली लगी तो दोनों तरफ से फायरिंग हुई और फिर गोली बदमाश हर्ष को लग गई. गाड़ी ने संतुलन खोया और बदमाश जमीन पर गिर गए. इसके बाद पुलिस ने हर्ष और अभिषेक को दबोच लिया.
19 से 23 साल के बीच है उम्र
अब तक पकड़ में आए तीनों बदमाश कुरुक्षेत्र जिले के है, तीनों ही प्लंबर का काम करते थे. पुलिस के मुताबिक, विदेश में बैठे गैंगस्टरों के इशारे पर पूर्व विधायक दिलबाग सिंह की फैक्ट्री पर फायरिंग की थी. तीनों की उम्र करीब 19 से 23 साल के बीच बताई जा रही है.
यह भी पढ़ेंः खाद की कीमतें नहीं बढ़ेंगी; कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान बोले- ‘फॉर्मर आईडी' से रोकी जाएगी कालाबाजारी














