Haryana Crime: हरियाणा में फरीदाबाद शहर के पॉश इलाके सेक्टर-29 से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है. यहां कल शाम एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला, रेखा तुली के साथ उनकी पड़ोसन द्वारा बेरहमी से मारपीट की गई. आज सुबह इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद महिला की पहचान पुख्ता हुई और इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है.
पैदल घर लौट रही बुजुर्ग पर अचानक हमला
जानकारी के मुताबिक सेक्टर-29 निवासी रेखा तुली कल शाम ओल्ड फरीदाबाद से पैदल अपने घर की ओर लौट रही थीं. जैसे ही वह अपने घर के करीब पहुंची, पड़ोस में रहने वाले एक वकील की बेटी ने उनका रास्ता रोक लिया. बिना किसी उकसावे के आरोपी महिला ने बुजुर्ग रेखा पर थप्पड़ों की बौछार कर दी. चश्मदीदों और परिजनों का कहना है कि आरोपी ने उन्हें करीब 10 से 12 थप्पड़ मारे जिससे संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क पर गिर पड़ीं और उन्हें गंभीर चोटें आईं.
पानी की पाइपलाइन बनी विवाद की जड़
इस विवाद की शुरुआत कल सुबह हुई थी जब इलाके में पानी की एक पाइपलाइन फट गई थी. सड़क पर पानी बहता देख पड़ोसियों ने शिकायत की जिसके बाद प्लंबर बुलाकर मरम्मत करा दी गई. हालांकि, आरोपी महिला इस बात से इतनी नाराज थी कि उसने शाम को मौका मिलते ही बुजुर्ग महिला को अपना निशाना बना लिया.
समझौता करने की गलती पड़ी भारी
पीड़ित परिवार ने बताया कि आरोपी महिला पहले भी कई बार विवाद कर चुकी है. पहले भी सेक्टर-28 पुलिस चौकी में शिकायतें दी गईं लेकिन हर बार आरोपी के माफी मांगने पर पड़ोसी होने के नाते समझौता कर लिया जाता था. परिजनों का आरोप है कि इसी नरम रवैये के कारण आरोपी के हौसले बढ़ गए हैं.
रसूख का दबाव और पुलिस कार्रवाई
रेखा तुली के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी के पिता वकील हैं और सत्ता पक्ष से जुड़े हैं इसलिए पुलिस अब तक कार्रवाई से बचती रही है. दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की शिकायतें मिली हैं. पुलिस सीसीटीवी फुटेज को मुख्य आधार बनाकर मामले की बारीकी से जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- 1 मई: कल लेटर, आज ट्वीट; आखिर राजस्थान में राहुल गांधी की किस योजना को लागू करवाना चाहते हैं अशोक गहलोत














