Faridabad News: आवारा कुत्तों ने निभाया 'नमक का हक', मालकिन का शव ढूंढकर पुलिस को घटना स्थल तक पहुंचाया

6 दिन से लापता महिला की हत्या कर पड़ोसी ने शव नाले में फेंका, लेकिन जिन कुत्तों को महिला रोटी खिलाती थी, उन्होंने ही कातिलों का राज खोल दिया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फरीदाबाद में 'शेरू-रॉकी' ने ढूंढ निकाला अपनी मालकिन का शव, रोंगटे खड़े कर देगी यह दास्तां
NDTV Reporter

Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने वफादारी की नई मिसाल पेश की है. बल्लभगढ़ की कबूलपुर कॉलोनी से 6 दिन से लापता 45 वर्षीय अनीता देवी की हत्या की गुत्थी किसी जासूस ने नहीं, बल्कि दो लावारिस कुत्तों ने सुलझाई है. यह वही 'शेरू' और 'रॉकी' हैं, जिन्हें अनीता रोजाना अपने हाथों से रोटी खिलाती थी. महिला की हत्या कर शव को नाले में छिपा दिया गया था, लेकिन इन बेजुबानों की सूझबूझ ने पुलिस को कातिलों तक पहुंचा दिया.

जब नाले में कूद गया 'शेरू'

अनीता देवी 15 अप्रैल से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थीं. परिवार उन्हें दर-दर ढूंढ रहा था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था. इस दौरान वे दोनों कुत्ते भी गुमसुम और मायूस थे. 18 अप्रैल को जब परिजन मोहला गांव के पास एक नाले के पास तलाशी ले रहे थे, तभी शेरू और रॉकी अचानक झाड़ियों की ओर भागे और जोर-जोर से भौंकने लगे. परिवार ने उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों ने नाले के पास पड़ी अनीता की साड़ी ढूंढ निकाली. इसके बाद शेरू ने जलकुंभी से भरे नाले में छलांग लगा दी, जिससे पानी के नीचे छिपा शव दिखाई दे गया.

पड़ोसी पिता-पुत्र निकले कातिल

पुलिस जांच में जो सच सामने आया वह चौंकाने वाला था. अनीता की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उनके पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र ने मिलकर की थी. पुलिस के अनुसार, आरोपी परमजीत 15 अप्रैल को गैस सिलेंडर देने के बहाने अनीता के घर गया और फिर बिजली बिल भरवाने के बहाने उन्हें बाइक पर ले गया. रास्ते में उसने अनीता की बेरहमी से हत्या कर दी और अपने पिता जगमिंदर डागर के साथ मिलकर शव को जलकुंभी से भरे नाले में फेंक दिया.

मुख्य आरोपी अब भी फरार

पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी पिता जगमिंदर डागर को गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. हालांकि, मुख्य आरोपी बेटा परमजीत अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं. मूल रूप से बिहार का रहने वाला पीड़ित परिवार कबूलपुर कॉलोनी में किराए पर रहता था. पुलिस का मानना है कि परमजीत की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा.

Advertisement

ये भी पढ़ें:- '50 हजार देता था, फिर भी मेरे बच्चे को मार डाला...' नीले ड्रम वाली मुस्कान की पेशी पर खूब रोई सौरभ की मां

Featured Video Of The Day
सीजफायर बढ़ा, तनाव बरकरार! ट्रंप की धमकी ईरान बोला- कड़ा सबक सिखाएंगे