हिमाचल: स्कूल से घर जा रही महिला शिक्षकों के लिए काल बना चीड़ का पेड़, 4 की मौके पर मौत, 3 गंभीर घायल

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शनिवार को आनी क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान के कारण चलती गाड़ी पर पेड़ गिरने से चार महिला शिक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई और तीन लोग घायल हुए हैं.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में शनिवार को चार महिला शिक्षकों की दर्दनाक मौत हो गई

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में शनिवार को एक बहुत भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां दोपहर बाद क्षेत्र में चली भयंकर आंधी और तूफान के कारण एक विशालकाय चीड़ का पेड़ चलती गाड़ी पर गिर गया. इस दुखद हादसे में गाड़ी में सवार चार महिला शिक्षकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

स्कूल से घर लौट रही थीं शिक्षिकाएं

मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा शनिवार शाम करीब 5 बजे शमशर-गुगरा सड़क पर 'बाली ओल' नामक स्थान के पास हुआ. स्कूल में छुट्टी होने के बाद 6 महिला शिक्षिकाएं बोलेरो गाड़ी (HP01K 4621) में सवार होकर आनी लौट रही थीं. इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज तूफान के चलते एक भारी-भरकम चीड़ का पेड़ सीधे चलती गाड़ी पर जा गिरा. पेड़ के बोझ से गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई.

मृतकों की पहचान और बचाव कार्य

हादसे के समय गाड़ी में चालक सहित कुल 7 लोग सवार थे. मृतकों की पहचान 38 वर्षीय स्नेह लता, 54 वर्षीय बंती कौंडल, 43 वर्षीय उषा कुमारी और 54 वर्षीय सीमा आजाद के रूप में हुई है. ये सभी कुल्लू जिले की निवासी थीं. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया.

प्रशासन ने प्रदान की फौरी राहत

उपमंडलाधिकारी आनी लक्ष्मण सिंह कनेट ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रशासन की टीम मौके पर मुस्तैद है. सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 25,000-25,000 रुपये की अंतरिम राहत राशि प्रदान की गई है. इसके अलावा घायलों को 5,000-5,000 रुपये की तत्काल सहायता दी गई है. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे.

Advertisement

यह भी पढ़ें- चोर मां दुर्गा के सामने हाथ जोड़कर मांगी माफी, फ‍िर की चोरी; CCTV में कैद हुई करतूत 

Featured Video Of The Day
West Bengal Election 2026: Jhalmuri और सियासी चटकारे के बीच जनता ने बताया किसका पलड़ा भारी? | NDTV