गुजरात के गिर सोमनाथ जिले के वेरावल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सरकारी अस्पताल की तीसरी मंजिल से गिरकर एक युवक की मौत हो गई. इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवक नशे की हालत में अस्पताल में घूमता और फिर रेलिंग पर चढ़कर जान जोखिम में डालता नजर आ रहा है. कुछ ही पलों में संतुलन बिगड़ा और उसकी जिंदगी हमेशा के लिए खत्म हो गई.
रात के सन्नाटे में अस्पताल पहुंचा युवक
यह घटना रविवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है. CCTV फुटेज में साफ दिखाई देता है कि युवक लड़खड़ाते हुए हालत में अस्पताल परिसर में दाखिल होता है. उसके हाव-भाव से साफ लग रहा था कि वह नशे में है और ठीक से चल भी नहीं पा रहा था.
लिफ्ट से सीधे तीसरी मंजिल पर पहुंचा
अस्पताल में प्रवेश करने के बाद युवक लिफ्ट में सवार होकर सीधे तीसरी मंजिल पर पहुंच गया. उस समय अस्पताल में सन्नाटा था और आसपास कोई ज्यादा हलचल नजर नहीं आ रही थी, जिससे उसे रोकने वाला भी कोई नहीं था.
रेलिंग पर चढ़कर बैठा, फिर हुआ हादसा
तीसरी मंजिल पर पहुंचने के बाद युवक ने बेहद खतरनाक हरकत करते हुए रेलिंग पर चढ़कर बैठ गया. CCTV में वह रेलिंग से नीचे की ओर लटकता हुआ दिखाई देता है. करीब डेढ़ मिनट तक वह इसी तरह जान जोखिम में डालकर बैठा रहा, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे नीचे गिर पड़ा.
गिरते ही मचा हड़कंप
युवक के गिरने के साथ ही जोरदार आवाज हुई, जिससे अस्पताल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों का ध्यान घटना की ओर गया. सभी तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल युवक को उठाकर इलाज के लिए भर्ती कराया गया. गंभीर चोट लगने के कारण युवक की हालत बेहद नाजुक थी. डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस घटना के बाद अस्पताल में भी माहौल भारी हो गया.
मृतक की पहचान और जांच शुरू
मृतक की पहचान वेरावल के मुफ्तियापारा रिंग रोड निवासी करण सोलंकी के रूप में हुई है. घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है कि युवक अस्पताल क्यों आया था और हादसे के पीछे की असली वजह क्या थी.











