राजकोट एयरपोर्ट पर 10 रुपये की चाय से लेकर इंटरनेशनल फ्लाइट तक, उड़ान यात्री कैफे भी शुरू

राजकोट एयरपोर्ट को यात्रियों के लिए बड़ी सौगात मिली है. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने उड़ान यात्री कैफे का उद्घाटन किया, जहां 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में कॉफी मिलेगी.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Airport Udaan Yatri Cafe: राजकोट के यात्रियों के लिए आज का दिन खास रहा. नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सिर्फ सुविधाओं का विस्तार ही नहीं किया, बल्कि आम यात्रियों की जेब और भविष्य की हवाई जरूरतों दोनों का ख्याल रखा. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने राजकोट इंटरनेशनल एयरपोर्ट से देशभर के 57 हवाई अड्डों पर नई सुविधाओं का वर्चुअल लोकार्पण किया और राजकोट में ‘उड़ान यात्री कैफे' का उद्घाटन किया. अब हवाई सफर में चाय‑कॉफी जैसी छोटी जरूरतें भी बेहद सस्ती होंगी.

राजकोट से नरेंद्र पिठिया की रिपोर्ट...

10 रुपये की चाय, 20 रुपये की कॉफी की सुविधा

उड़ान यात्री कैफे के शुरू होने से अब यात्रियों को एयरपोर्ट के भीतर 10 रुपये में चाय और 20 रुपये में कॉफी मिलेगी. यह सुविधा खासतौर पर आम यात्रियों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है. मंत्री राममोहन नायडू सुबह भावनगर में इंडिगो की नई मुंबई फ्लाइट को हरी झंडी दिखाने के बाद राजकोट पहुंचे थे, जहां उन्होंने इस कैफे का उद्घाटन किया.

राजकोट को जल्द मिलेगी इंटरनेशनल कनेक्टिविटी

इस मौके पर मंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राजकोट एयरपोर्ट से जल्द ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू की जाएंगी. इसके साथ ही एयर कार्गो टर्मिनल भी स्थापित किया जाएगा, जिससे व्यापार और उद्योग को बड़ा फायदा मिलेगा. उन्होंने बताया कि इमिग्रेशन प्रक्रिया को मजबूत कर इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है.

देश के 57 एयरपोर्ट्स पर नई सुविधाएं शुरू

केंद्रीय मंत्री ने जानकारी दी कि राजकोट सहित देश के 57 हवाई अड्डों पर एक साथ नागरिक सुविधाओं का लोकार्पण किया गया है. इनमें 11 एयरपोर्ट्स पर उड़ान कैफे, 8 जगहों पर डिजीयात्रा सुविधा, 50 स्थानों पर वाई‑फाई, 11 ‘अवसर' आउटलेट, 10 किड्स प्ले जोन, 16 फ्लाईब्रेरी और 8 प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य शामिल हैं.

Advertisement

विमानन क्षेत्र में 29 हजार करोड़ का निवेश

राममोहन नायडू ने बताया कि केंद्र सरकार ने नागरिक उड्डयन क्षेत्र के लिए 29,000 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है. अगले 10 वर्षों में देशभर में 100 नए एयरपोर्ट और 200 हेलीपैड बनाए जाएंगे. खासतौर पर नॉर्थ ईस्ट राज्यों में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर फोकस किया जा रहा है.

युद्ध के हालात में 5 लाख भारतीयों की सुरक्षित वापसी

मंत्री ने खाड़ी देशों की स्थिति पर भी बात की. उन्होंने कहा कि युद्ध और एयर स्पेस बंद होने के बावजूद सरकार ने वैकल्पिक हवाई मार्गों से लोगों को सुरक्षित निकालने का काम किया. अब तक ऑपरेशन के तहत 5 लाख से अधिक भारतीय नागरिकों को खाड़ी देशों से भारत वापस लाया जा चुका है.

Advertisement

अहमदाबाद विमान हादसे की रिपोर्ट जल्द

अहमदाबाद में एयर इंडिया विमान दुर्घटना को लेकर मंत्री ने कहा कि हादसे को करीब नौ महीने हो चुके हैं. मामले की गहन जांच लगातार चल रही है और इसकी आधिकारिक रिपोर्ट जल्द ही सार्वजनिक की जाएगी. राजकोट में कार्गो सुविधा को बढ़ावा देने के लिए पुराने टर्मिनल को कार्गो टर्मिनल के रूप में विकसित किया जाएगा. इससे व्यापार, निर्यात और स्थानीय उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा.

Featured Video Of The Day
Goa का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के दिमाग में बीच, पार्टी आ जाती है, लेकिन असली गोवा कुछ और है!