फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे का लगातार तीसरी बार विश्व कप फाइनल खेलने का सपना टूट गया लेकिन चार साल पहले गोल्डन बूट जीतने वाले एम्बाप्पे इस बार भी अर्जेंटीना के दिग्गज लियोनेल मेस्सी के साथ टूर्नामेंट के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से शीर्ष पर बने हुए हैं. विश्व कप सेमीफाइनल में स्पेन के खिलाफ 0-2 की हार के दौरान एम्बाप्पे अपनी टीम के लिए ज्यादा मौके नहीं बना सके. उनके और मेसी के नाम अब तक आठ-आठ गोल दर्ज हैं. हालांकि, तीन असिस्ट के साथ एम्बाप्पे अभी टॉप पर है. अगर मेसी ने इंग्लैंड के खिलाफ गोल दागा को वह गोल्डन बूट की रेस में सबसे आगे होंगे. इसके अलावा एम्बाप्पे के बाद वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे अधिक गोल करने के मामले में भी मेसी से आगे निकलने का मौका था. लेकिन मंगलवार देर रात यह सपना भी टूट गया. अब एम्बाप्पे को इस रिकॉर्ड के लिए 2030 तक का इंतजार करना होगा.
मेस्सी और मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना बुधवार को दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ मैदान में उतरेंगे. इस मुकाबले को जीतने वाली टीम फाइनल में स्पेन के खिलाफ खेलेगी. फ्रांस अब शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में तीसरे स्थान के मुकाबले में दूसरे सेमीफाइनल में हारने वाली टीम से भिड़ेगा.
स्पेन के खिलाफ मुकाबले के पहले हाफ में एम्बाप्पे ने सभी फॉरवर्ड खिलाड़ियों में सबसे कम केवल 15 बार गेंद को छुआ. उनका सबसे उल्लेखनीय क्षण वह रहा, जब उन्होंने रेफरी इवान बार्टन को यह समझाने की कोशिश की कि स्पेन को मिली पेनल्टी को नहीं दिया जाना चाहिए था. स्पेन के मिकेल ओयारजाबाल ने इसे गोल में बदल कर टीम का खाता खोला.
एम्बाप्पे के पास मैच में सबसे अच्छा मौका 67वें मिनट में आया, जब उनका शॉट स्पेन के डिफेंडर मार्क कुकुरेला से टकराकर थोड़ा बाहर चला गया. हालांकि, उस समय तक फ्रांस दो गोल से पिछड़ चुका था. इस 27 वर्षीय खिलाड़ी को 86वें मिनट में पीला कार्ड दिखाया गया. वह स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन की ओर तेजी से बढ़े, जब सिमोन झुककर गेंद उठाने की कोशिश कर रहे थे. दोनों के बीच टक्कर हुई, जिसके बाद सिमोन मैदान पर गिर गए.
एम्बाप्पे ने स्पेन के खिलाफ मुकाबले में शुरुआती इलेवन में वापसी की थी. इससे पहले मोरक्को के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में वह 77वें मिनट में मैदान से बाहर चले गए थे. उस मुकाबले में उन्होंने टूर्नामेंट का अपना आठवां गोल किया था.
एम्बाप्पे ने चार साल पहले कतर विश्व कप में भी आठ गोल किए थे, जहां फाइनल में फ्रांस को मेस्सी और अर्जेंटीना के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में हार का सामना करना पड़ा था. इससे आठ साल पहले रूस में हुए विश्व कप में फ्रांस ने क्रोएशिया को हराकर चैंपियन बना था.
यह भी पढ़ें: सचिन जैसा ही 'चमत्कार' किया लामिन यमाल ने, जानें किन 5 वजहों से 'चमत्कारी बालक' से सहमा हुआ है फ्रांस
यह भी पढ़ें: हर सेमीफाइनल से करोड़ों कमाएगा फीफा, कहां-कहां से आता है पैसा, ICC भी ज्यादा पीछे नहीं, जानें दोनों का अंतर