Healthy Pancake For Children: जब बच्चे स्कूल से आकर सीधे खेलने चले जाते हैं, तो दो से तीन घंटे की भागदौड़ के बाद उन्हें तेज भूख लगने लगती है. ऐसे समय वे अक्सर कुछ बहुत टेस्टी खाने की डिमांड करते हैं. अगर उन्हें सिर्फ बिस्किट, चिप्स या बाहर की चीजें दे दी जाएं, तो पेट तो भर जाता है लेकिन सही पोषण नहीं मिलता. इसलिए बच्चों को कुछ ऐसा दें जो स्वाद में भी अच्छा हो और सेहत में भी , जैसे की यह हेल्दी पैनकेक जिसकी रेसिपी हम यहां आपको बता रहे हैं. यह पैनकेक बच्चों को इतना पसंद आता है कि वे दोबारा भी मांगते हैं. खास बात यह है कि इसमें कई पौष्टिक चीजें शामिल हैं, लेकिन बच्चे अंदाजा भी नहीं लगा पाते कि वे हेल्दी खाना खा रहे हैं.
पैनकेक के लिए सामग्री- (Ingredients For Making Healthy Pan Cake)
भिगोने के लिए-
- 1 कप मखाने
- 2 बड़े चम्मच बारीक सूजी
- 1 कप पानी
घोल के लिए-
- आधा कप ज्वार का आटा, आप चाहें तो रागी का आटा भी ले सकते हैं
- 1 कप बारीक कटी हुई पालक
- थोड़ा सा कटा हुआ प्याज
- नमक स्वाद के अनुसार
- हल्दी थोड़ा सा
- लाल मिर्च पाउडर स्वाद अनुसार
- थोड़ा सा जीरा
- 1 से 2 चम्मच तिल
सेंकने के लिए-
- हल्का सा तेल या बटर
यह भी देखें: सोने से पहले आइसक्रीम खाने से कौनसी बीमारियां होती हैं?
पैनकेक बनाने की विधि- (Method For Making Healthy Pan Cake)
- सबसे पहले मखाने और सूजी को एक कप पानी में 20 मिनट के लिए भिगो दें. जब यह नरम हो जाएं, तो इन्हें मिक्सर में डालकर स्मूथ पेस्ट बना लें. यह पेस्ट पैनकेक को अंदर से मुलायम बनाता है.
- अब इस पेस्ट में आधा कप ज्वार का आटा मिलाएं. इसके बाद पालक, प्याज और सारे मसाले डाल दें. ऊपर से तिल डालकर अच्छे से मिक्स कर लें. घोल न ज्यादा पतला हो और न बहुत गाढ़ा.
- तवा गरम करें और उस पर हल्का सा तेल या बटर लगाएं. अब छोटे-छोटे चीले की तरह घोल डालें. मध्यम आंच पर दोनों तरफ से अच्छी तरह सेकें. जब पैनकेक बाहर से हल्के सुनहरे और अंदर से सॉफ्ट हो जाएं, तो उतार लें.
इन्हें आप केचप या हरी चटनी के साथ परोस सकते हैं. खेलकर लौटे बच्चों के लिए यह एक परफेक्ट स्नैक है, जो स्वाद भी देता है और जरूरी पोषण भी.
Watch Video: कैसे बनाएं स्वादिष्ट कुरकुरा नीर डोसा? How To Make Neer Dosa
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














