Hara Chana Khane ke Fayde: आज की तेज रफ्तार जिंदगी में सबसे ज्यादा असर हमारे पाचन तंत्र (Digestive System) पर पड़ता है. गलत समय पर खाना, तला-भुना भोजन, फाइबर (Fiber) की कमी और तनाव की वजह से गैस, अपच, कब्ज और पेट भारी होने जैसी समस्याएं आम हो गई हैं. इसका समाधान हमारी रसोई में ही मौजूद है. हरा चना (Hara Chana) पाचन के लिए बेहद लाभकारी है. आयुर्वेद (Ayurveda) के अनुसार, हरा चना त्रिदोष संतुलन में सहायक माना जाता है. खासतौर पर यह पित्त और कफ दोष को नियंत्रित करने में मदद करता है.
यह पेट में जमी अतिरिक्त नमी और चिपचिपेपन को कम करता है. यही कारण है कि हरा चना (Green Chick Peas) खाने से पेट साफ रहता है और आंतों की गतिविधि बेहतर होती है.आयुर्वेद मानता है कि हरा चना अग्नि यानी पाचन शक्ति को धीरे-धीरे मजबूत करता है, जिससे भोजन सही तरह से पचता है और शरीर को पूरा पोषण मिलता है.
वैज्ञानिक ने इसे माना फाइबर का खजाना
वैज्ञानिकों की मानें तो हरा चना डाइटरी फाइबर (Dietary Fiber) का बेहतरीन स्रोत है. फाइबर पाचन प्रक्रिया के लिए बेहद अहम है. यह आंतों में भोजन को आगे बढ़ाने में मदद करता है और मल को नरम बनाता है, जिससे कब्ज की समस्या दूर रहती है. हरे चने में मौजूद घुलनशील और अघुलनशील दोनों तरह के फाइबर पाचन को दुरुस्त रखते हैं और गैस व सूजन जैसी परेशानियों को कम करते हैं.
वजन घटाने में करता है मदद
हरा चना धीरे-धीरे पचने वाला भोजन है, इसलिए यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराता है. इससे बार-बार भूख नहीं लगती और ओवरईटिंग से बचाव होता है. यही वजह है कि वजन नियंत्रित रखने वालों के लिए हरा चना फायदेमंद है.
ब्लड शुगर और मेटाबॉलिज्म पर करता है असर
वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि फाइबर और प्रोटीन से भरपूर भोजन इंसुलिन के स्तर को संतुलित रखने में मदद करता है. इससे पाचन के साथ-साथ ब्लड शुगर कंट्रोल में भी सहायता मिलती है.
Yeh Bhi Dekhein: हर दिन बस 5 मिनट सही से कर लें ये आसन, बढ़ेगी फ्लेक्सिबिलिटी और संतुलन
पोषक तत्वों से होता है भरपूर
हरे चने में आयरन, मैग्नीशियम (Magnesium), पोटैशियम (Potassium), विटामिन बी-कॉम्प्लेक्स (Vitamin-B Complex) और एंटीऑक्सीडेंट्स (Antioxidants) पाए जाते हैं. ये तत्व आंतों की अंदरूनी परत को मजबूत बनाते हैं और सूजन को कम करते हैं. जिन लोगों को अक्सर एसिडिटी या जलन की शिकायत रहती है, उनके लिए हरा चना पेट को ठंडक देने वाला हो सकता है.
हरा चना कई दूसरी समस्याओं में भी राहत देता है. इसमें मौजूद प्रोटीन (Protein) मांसपेशियों को ताकत देता है और कमजोरी को दूर करता है. आयरन (Iron) की अच्छी मात्रा खून की कमी में सहायक होती है. फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स दिल की सेहत के लिए लाभकारी माने जाते हैं और कोलेस्ट्रॉल (Cholesterol) को नियंत्रित करने में मदद करते हैं. इसके अलावा, हरा चना शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता (Immunity) को भी मजबूत बनाता है.
कैसे करें सेवन?
हरे चने को सब्जी, सूप, सलाद, पुलाव या हल्के स्नैक के रूप में खाया जा सकता है.
Watch Video: अनहेल्दी कार्ब्स कौन से हैं? डॉक्टर ने बताया प्रोटीन, कार्ब्स और फैट कितनी मात्रा में लें...
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)














