Vaishakh Amavasya Ke Upay: सनातन परंपरा में किसी भी मास के कृष्णपक्ष की 15वीं तिथि अमावस्या कहलाती है. हिंदू धर्म में इसतिथि को स्नान-दान से लेकर पूजा-पाठ से लेकर अत्यधिक फलदायी माना गया है. अमावस्या का महत्व तब और भी ज्यादा बढ़ जाता है जब यह वैशाख मास में पड़ती है. इस पावन मास में पड़ने वाली अमावस्या तिथि पर किए जाने वाले स्नान-दान और पूजा-पाठ से श्रीहरि की विशेष कृपा बरसती है. जिस अमावस्या पर शनिदेव, धन की देवी मां लक्ष्मी और पितरों का आशीर्वाद बरसता है, आइए उससे जुड़ी पूजा के सरल सनातनी उपाय के बारे में विस्तार से जानते हैं.
इस पूजा से मिलेगा पितरों का आशीर्वाद
यदि आपको कुंडली में स्थित पितृदोष के चलते तमाम तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा हो या फिर आपको पितरों के आशीर्वाद की कामना हो तो वैशाख मास की अमावस्या पर गंगा नदी जैसे जलतीर्थ पर जाकर विशेष रूप से स्नान, दान, तर्पण और संध्या के समय अपने घर की दक्षिण दिशा में चौमुखा दीया जलाना चाहिए. साथ ही साथ इस तिथि पर पितृसूक्त या पितृकवच का पाठ भी करें.
पाप से मुक्ति और पुण्य की प्राप्ति का उपाय
वैशाख मास की अमावस्या पर जाने-अनजाने में किए गये पाप और तमाम तरह के दोष को दूर करने के लिए काली चीटियों को खाने के लिए आटे में चीनी मिलाकर डालना चाहिए. वैशाख अमावस्या के इस उपाय से पाप से मुक्ति और पुण्य की प्राप्ति होगी.
कालसर्प दोष का अचूक उपाय
यदि कुंडली में स्थित कालसर्प दोष के चलते आपको तमाम तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा हो तो आपको इससे मुक्ति पाने के लिए वैशाख अमावस्या पर किसी शिवालय में जाकर विधि-विधान से शिव पूजन करना चाहिए तथा चांदी से बने नाग-नागिन अर्पित करना चाहिए. पूजा के बाद चांदी के नाग-नागिन को किसी बहते हुए जल में प्रवाहित कर देना चाहिए. ज्योतिष के अनुसार पूजा के इस उपाय से कालसर्प दोष से कष्ट दूर होते हैं.
मछलियों से जुड़ा करें ये सरल उपाय
हिंदू मान्यता के अनुसार यदि आप तमाम तरह की समस्याओं से परेशान चल रहे हैं और बहुत कोशिशों के बाद भी उसका समाधान न हो पा रहा हो तो अपने जीवन से जुड़े ऐसे कष्टों को दूर करने के लिए वैशाख अमावस्या वाले दिन किसी पवित्र जलतीर्थ जैसे नदी, सरोवर या नहर आदि के पास जाकर मछलियों को आटके की गोली खिलानी चाहिए.
वैशाख अमावस्या पर करें शनि का ये उपाय
यदि आपके जीवन में शनिदेव सनसनी फैला रहे हों और आपको तमाम तरह की परेशानियों से जूझना पड़ रहा हो तो शनि संबंधी दोष को दूर करने के लिए वैशाख अमावस्या पर पीपल पेड़ की जड़ में जल देकर वहां पर सरसों के तेल का दीया जलाना चाहिए. साथ ही साथ इस दिन जरूरतमंद लोगों को काला छाता, काला जूता, काली उड़द की दाल, अन्न-वस्त्र एवं अपने सामर्थ्य के अनुसार धन का दान करना चाहिए.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














