Tulsi: तुलसी के पौधे की पूजा कैसे करें?
NDTV
Tulsi Plant Rules: सनातन परंपरा में तुलसी के पौधे को बहुत ज्यादा पवित्र माना गया है. यही कारण है कि आपको यह पौधा हिंदू धर्म से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के घर में दिख जाएगा. औषधीय गुणों वाले इस पौधे को हिंदू धर्म में धन की देवी माता लक्ष्मी का प्रतीक माना गया है. जिसकी पत्तियों को अर्पित किए बगैर भगवान श्री विष्णु की पूजा पूरी नहीं होती है. इसी प्रकार तुलसी की लकड़ी से बनी माला जिसे कंठी भी कहते हैं, वह वैष्णव परंपरा में अपने आराध्य देवता जैसे भगवान विष्णु या श्रीकृष्ण के प्रति समर्पण का प्रतीक मानी जाती है. आइए दैवीय गुणों वाले तुलसी के पौधे से जुड़े जरूरी नियम के बारे में विस्तार से जानते हैं.
तुलसी पूजा के नियम (Tulasi Worship Tips)
- सबसे पहला नियम यह कि यदि आपने अपने घर में तुलसी का पौधा लगा रहा है तो उसके आस-पास स्वच्छता और पवित्रता बना कर रखें और नियमित रूप से जल दें.
- यदि आप अपने घर में तुलसी का पौधा लगाना चाहते हैं तो इसे सही दिन और सही दिशा में लगाएं. तुलसी का पौधा यदि संभव हो तो गुरुवार और शुक्रवार के दिन अपने घर के उत्तर या फिर पूर्व दिशा में लगाएं. इस दिशा में लगा तुलसी का पौधा सारे दोष को दूर करता हुआ सुख-समृद्धि प्रदान करता है.
- तुलसी के पौधे को कभी भी बगैर स्नान किए या फिर अपवित्र अवस्था में न छुएं और न ही उसमें जल चढ़ाएं. तुलसी के भूलकर भी पौधे के पास चप्पल-जूते, जूठे बर्तन या फिर कचरा आदि न रखें.
- तुलसी माता को सूर्योदय के समय जल देना सबसे उत्तम माना गया है. सूर्यास्त के बाद तुलसी जी को जल नहीं अर्पित करना चाहिए.
- तुलसी जी को मंगलवार, रविवार और एकादशी तिथि वाले दिन जल अर्पित नहीं करना चाहिए और न ही इस दिन उसके पत्ते तोड़ने चाहिए. तुलसी के पौधे पर निकलने वाली मंजरी को समय-समय पर हटाते रहना चाहिए.
- तुलसी के पत्ते 11 दिनों तक बासी नहीं माने जाते हैं, इसलिए प्रतिदिन पत्ते तोड़ने की बजाय आप इसे एक बार में तोड़कर अपने पास रख सकते हैं.
- हिंदू मान्यता के अनुसार कभी भूलकर भी तुलसी के पौधे के पास शिवलिंग नहीं रखना चाहिए.
- हिंदू मान्यता के अनुसार तुलसी जी को माता लक्ष्मी का स्वरूप माना जाता है. ऐसे में यदि आप आपके घर में तुलसी का पौधा है तो शाम के समय उसके पास शुद्ध देशी घी का दीया जरूर जलाना चाहिए. तुलसी के लिए दीया जलाने के बाद उसे उसकी जड़ से थोड़ा दूर रखना चाहिए.
- हिंदू मान्यता के अनुसार कार्तिक और चैत्र मास में तुलसी का पौधा घर में लगाने, उसकी सेवा और पूजा करने तथा इसका दान करने पर लक्ष्मी संग नारायण का आशीर्वाद प्राप्त होता है. तुलसी पूजा और सेवा के पुण्यफल से व्यक्ति के जीवन में कभी धन-धान्य की कमी नहीं होती है और उसे सभी सुख प्राप्त होते हैं.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)
Featured Video Of The Day
Middle East Crisis के बीच Gautam Adani का बड़ा बयान | CII Summit 2026














