Birds Dream Meaning: दिन भर की आपाधापी के बाद जब इंसान अपने बिस्तर पर जाता है तो सोने के बाद अक्सर वह सपनों की उस दुनिया में प्रवेश कर जाता है, जहां उसका कोई नियंत्रण रह जाता है. इन सपनों में कभी वह कभी खुद को सुखद तो कभी कठिन स्थितियों में पाता है. स्वप्न शास्त्र के अनुसार रात को सोते समय दिखाई देने वाले सपनों के पीछे भविष्य की घटनाओं को लेकर एक संकेत छिपा होता है. ऐसे में अगर अजीबोगरीब सपनों के बीच कभी कबूतर या कोई और पक्षी दिखाई दे तो उसका आखिर क्या मतलब होता है? आइए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.
सपने में कबूतर दिखने का क्या होता है संकेत
घर के भीतर अंडे देना या फिर उसके द्वारा अपना घोंसला बनाना जहां अशुभ माना जाता है, वहीं इसके विपरीत सपने में कबूतर का दिखना शुभता का प्रतीक होता है. स्वप्न शास्त्र के अनुसार यह भविष्य में सुख, संपत्ति और सौभाग्य की प्राप्ति का संकेत होता. सपने में कबूतर के दिखने का अर्थ बड़ी सफलता मिलना भी होता है. यदि सपने में सफेद कबूतर दिखाई दे तो यह किसी के साथ विवाद खत्म होने का संकेत होता है.
इन पक्षियों का सपने में दिखना भी बेहद शुभ
हिंदू मान्यता के अनुसार सपने में सिर्फ कबूतर का दिखना ही बेहद शुभ नहीं होता है, बल्कि सफेद बतख, सारस, और हंस जैसे पक्षियों दिखना भी शुभ माना जाता है. मान्यता है कि यदि सपने में सारस दिखाई दे तो यह बड़ी सफलता की प्राप्ति के साथ कहीं से ढेर सारा धन लाभ होने का संकेत होता है. इसी प्रकार यदि दो सारस जोड़े में दिखाई दे तो यह प्रेम संबंध को प्रगाढ़ करने और मनचाहा जीवनसाथी मिलने का संकेत होता है. इसी तरह किसी जल स्रोत में सफेद बतख या हंस को तैरते हुए देखना भी अत्यंत शुभ माना जाता है. ऐसे सपने सुख-सौभाग्य की वृद्धि का संकेत होते हैं.
सपने में तोता दिखने का क्या संकेत होता है
यदि आपको सपने में तोता दिखाई दे तो इसे शुभ संकेत मानना चाहिए. मान्यता है कि स्वप्न में दिखने वाला तोता भविष्य में बड़ी खुशियों के आगमन और मान-सम्मान में वृद्धि का प्रतीक होता है. इसी प्रकार अगर जोड़े में तोता दिखाई दे तो प्रेम और दांपत्य सुख की प्राप्ति का संकेत होता है.
सपने में मोर दिखने का संकेत
यदि आपको सपने में मोर दिखाई देता है तो यह आपके लिए अच्छा संकेत है. मोर का सपना भविष्य में आपको कोई शुभ समाचार की प्राप्ति और शुभ कार्य के संपन्न होने का संकेत है.
सपने में कौए दिखने का क्या होता है संकेत
घर की मुंडेर पर बैठकर कांव-कांव की आवाज करने वाला कौआ जहां किसी अतिथि के आगमन का संकेत होता है, वहीं इसके स्वप्न में इसके दिखने के अलग मायने होते हैं. स्वप्नशास्त्र के अनुसार अगर सपने में कौआ उड़ता हुआ दिखाई दे तो यह अपशकुन माना गया है. कौए का ऐसा सपना चिंता और तनाव को बढ़ाने वाला माना गया है. इसी प्रकार यदि सपने में कौटा चोंच मारे तो यह किसी बीमारी से मिलने वाले कष्ट का संकेत होता है. इसी प्रकार सिर पर कौए को बैठे हुए देखना बेहद अशुभ माना गया है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














