Somwar Ko Shiv Puja Kaise Karen: हिंदू धर्म में औढरदानी कहे जाने वाले भगवान शिव की पूजा अत्यंत ही सरल और शीघ्र फलदायी मानी गई है. भगवान शिव एक ऐसे देवता हैं जो किसी भी भक्त के द्वारा एक लोटा गंगाजल या फिर सिफ एक बेलपत्र चढ़ाने मात्र से ही प्रसन्न हो जाते हैं. यही कारण है कि आपको भारत के कोने-कोने में शिवालय और उनकी पूजा करने वाले शिव भक्त मिल जाएंगे. हिंदू मान्यता के अनुसार भेले का भक्त जिस भाव से उनकी पूजा-अर्चना करता है, शिव उसको उसी भाव से आशीर्वाद प्रदान करते हैं. आइए जानते हैं कि आज सोमवार के दिन किस राशि के जातक द्वारा किस विधि से पूजा करने पर शीघ्र ही फलदायी साबित होती है.
राशि अनुसार शिव पूजा विधि
मेष (Aries): आज भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए मेष राशि के जातक किसी शिवालय में जाकर तांबे के लोटे में गंगाजल या फिर शुद्ध जल में लाल रंग के पुष्प, एक चुटकी लाल चंदन मिलाकर अभिषेक करें. साथ ही साथ बेलपत्र पर चंदन से श्री राम लिखकर अर्पित करें.
वृषभ (Taurus): वृषभ राशि के जातक आज देवों के देव महादेव को मनाने के लिए भगवान शिव का विशेष रूप से दूध, दही और शक्कर से अभिषेक करें तथा शिवलिंग पर सफेद पुष्प और चंदन अर्पित करके शिव मंत्र का जप करें.
मिथुन (Gemini): मिथुन राशि के जातक आज भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए गन्ने के रस अथवा शहद से अभिषेक करें. इस उपाय को करने पर मिथुन राशि के जातकों की शिव साधना सफल होगी और उन्हें मनचाहा आशीर्वाद प्राप्त होगा.
कर्क (Cancer): कर्क राशि के जातक आज सोमवार के दिन भगवान शिव का गाय के कच्चे दूध, दही, गंगाजल, मिश्री, शुद्ध घी आदि से अभिषेक करें तथा महादेव को आक अथवा सफेद पुष्प विशेष रूप से अर्पित करें.
सिंह (Leo): आज सोमवार के दिन सिंह राशि के जातकों को किसी शिवालय में जाकर गुड़ मिश्रित जल तथा शुद्ध घी से अभिषेक करना चाहिए. शिव पूजा के इस उपाय से उनकी कामनाएं शीघ्र ही पूरी होंगी और उन्हें सुख-सौभाग्य की प्राप्ति होगी.
कन्या (Virgo): कन्या राशि के जातों को आज किसी भी शिवालय में जाकर या फिर अपने घर में भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा करने के बाद भांग, पान, शमीपत्र और बेलपत्र अर्पित करना चाहिए.
तुला (Libra): तुला राशि के वाले लोग आज सोमवार के दिन भगवान शिव को शीघ्र प्रसन्न करने के लिए दही, गन्ने का रस अथवा शहद से अभिषेक करें. साथ ही साथ सुगंधित पुष्प और माखन-मिश्री चढ़ाएं.
वृश्चिक (Scorpio): वृश्चिक राशि के जातकों को आज सोमवार के दिन भगवान शिव को जल में दूध, शक्कर, शहद मिलाकर शिवलिंग का अभिषेक करना चाहिए. साथ ही साथ महादेव को प्रसन्न करने के लिए लाल पुष्प, लाल चंदन और बेलपत्र भी अर्पित करें.
धनु (Sagittarius): धनु राशि के जातक आज भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए किसी शिवालय पर जाकर हल्दी अथवा केसर मिले कच्चे दूध से शिवलिंग का अभिषेक करें तथा महादेव को पीले पुष्प और पीले रंग के फल अर्पित करें.
मकर (Capricorn): मकर राशि के जातक आज सोमवार को भगवान शिव को विशेष रूप से गंगाजल अर्पित करें तथा नीले रंग के पुष्प अर्पित करने के बाद रुद्राक्ष की माला से शिव मंत्र का अधिक से अधिक जप करें.
कुंभ (Aquarius): कुंभ राशि के जातक आज भगवान शिव को तिल अथवा बादाम के तेल से अभिषेक करें. साथ ही साथ बेलपत्र या शमी पत्र अर्पित करने के बाद महामृत्युंजय मंत्र का अधिक से अधिक जप करें.
Goodluck Sign: अच्छे दिन आने से पहले किस्मत कुछ ऐसे देती है दस्तक, जानें गुडलक से जुड़े 7 संकेत
मीन (Pisces): मीन राशि वाले जातक आज सोमवार को महादेव की पूजा में केसर मिश्रित दूध एवं जल से अभिषेक करें. साथ ही साथ भगवान शिव को पीले पुष्प और पीले फल चढ़ाकर शिव मंत्र का जप करें.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














