Sheetla Mata Mandir: मां शीतला के पावन धाम, जहां दर्शन से दूर होते हैं कष्ट और पूजन से पूरी होती हैं कामनाएं 

Sheetla Mata Famous Temple: सनातन परंपरा में आरोग्य की देवी मानी जाने वाली शीतला माता की पूजा प्राचीन काल से होती चली आ रही है. रोग-शोक दूर करने वाली शीतला माता का पावन धाम कहां स्थित है? शीतला माता से जुड़े देश के प्रसिद्ध मंदिरों के बारे में जानने के लिए पढ़ें ये लेख. 

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Sheetla Mata Mandir: शीतला माता के प्रसिद्ध मंदिर
NDTV

Sheetla Mata Ke Prasidh Mandir: हिंदू धर्म में शीतला माता को सौभाग्य और आरोग्य की देवी के रूप में पूजा जाता है. गांव-कस्बों से लेकर शहरी क्षेत्र में अक्सर शीतला माता की मूर्ति वट या नीम के पेड़ के पास प्रतिष्ठित होती है, जहां पर भक्त उनकी सुख-सौभाग्य की कामना लिए प्रतिदिन पूजा करते हैं, लेकिन चैत्र मास के कृष्णपक्ष की अष्टमी तिथि पर उनके प्रसिद्ध धाम पर भक्तों की भारी भीड़ पहुचती है. आइए शीतला माता के उन प्रसिद्ध मंदिरों के बारे में जानते हैं, जहां पर सिर्फ दर्शन मात्र से ही साधकों के सारे रोग-शोक दूर हो जाते हैं और उन्हें सुख-सौभाग्य का आशीर्वाद प्राप्त होता है. 

मां शीतला का कड़ा धाम

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में स्थित मां शीतला का यह पावन धाम देश के 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है. मान्यता है कि इसी पावन स्थल पर कभी सती के हाथ का कड़ा गिरा था. माता के इस प्रसिद्ध मंदिर में दर्शन और पूजन के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. हिंदू मान्यता है कि गर्दभवाहिनी मां शीतला के इस मंदिर में स्थित कुंड को जो कोई भक्त शीतल जल, दूध, फल, फूल, मेवे आदि से भरता है, उस पर माता की पूरी कृपा बरसती है. शीतला अष्टमी पर माता के दर्शन और पूजन के लिए लोग दूर-दूर से पहुंचते हैं. 

लखनऊ स्थित शीतला माता का मंदिर

कौशांबी के कड़ा धाम की तरह उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी शीतला माता का बड़ा पावन धाम है. लखनऊ शहर के टिकैतगंज में स्थित प्राचीन मंदिर में शीतला माता सात देवियों के साथ प्रतिष्ठित हैं. शीतला अष्टमी के अलावा नवरात्रि के समय यहां पर भक्तों की भारी भीड़ जुटती है. माता शीतला यहां पर पिंडी के रूप में पूजी जाती हैं. 

शीतला माता मंदिर, गुरुग्राम

हिंदू मान्यता के अनुसार जिस देवी को ब्रह्मा जी ने सभी को स्वस्थ, सुखी और आरोग्य रहने का कार्य सौंपा था, उन्हें शीतला माता के रूप में पूजा जाता है. आरोग्य की इसी देवी का मंदिर देश की राजधानी दिल्ली से कुछ ही दूरी पर गुड़गांव में स्थित है. शीतला माता के इस पावन धाम को महाभारतकालीन माना जाता है.

Sheetala Ashtami 2026: आज है शीतला अष्टमी, जानें आरोग्य की देवी माता शीतला की पूजा विधि, मंत्र और महाउपाय

शीतला माता के इस मंदिर में न सिर्फ शीतला अष्टमी के पावन पर्व पर बल्कि प्रतिदिन लोग बड़ी संख्या में दर्शन और पूजन के लिए पहुंचते हैं. मान्यता है कि शीतला माता के इस दिव्य दरबार में कोई भी भक्त खाली हाथ नहीं जाता है.

Advertisement

भोपाल का शीतला माता मंदिर

मध्य प्रदेश की राजधानी ​भोपाल में भी शीतला माता का प्राचीन और प्रसिद्ध मंदिर है, जहां पर माता के भक्त प्रतिदिन अपने कष्टों को दूर और कामनाओं को पूरा करने के लिए पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. शीतला माता का यह मंदिर भोपाल शहर की बड़ी झील के किनारे वीआईपी रोड पर स्थित है. इस मंदिर में स्थित शीतला माता की मूर्ति काफी प्राचीन मानी जाती है. शीतला माता के भक्त न सिर्फ शीतला अष्टमी बल्कि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत से पहले इस मंदिर में माथा टेकने के लिए पहुंचते हैं. 

पटना का शीतला माता मंदिर

बिहार की राजधानी पटना में स्थित शीतला माता का मंदिर शक्ति की साधना का बड़ा केंद्र माना जाता है. हिंदू मान्यता के अनुसार माता शीतला के इस धाम में दर्शन और पूजन मात्र से भक्तों के सभी रोग और शोक दूर हो जाते हैं. यही कारण है कि अच्छे स्वास्थ्य की कामना लिए यहां पर हर दिन बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. आमजन की मान्यता है कि शीतला माता के इस मंदिर में विधि-विधान से पूजा करने पर चेचक और चर्म जैसे रोगों से मुक्ति मिलती है. 

Advertisement

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Featured Video Of The Day
Israel used White Phosphorus in Lebanon War? Chemical Weapon कितना खतरनाक है, पूरी बात यहां जानें