Crow related good and bad omen: घर की छत, मुंडेर, बालनी या पेड़ की डाल पर बैठकर जब कौआ कांव-कांव करता है तो अक्सर हम लोग इसे घर में किसी मेहमान के आने का संकेत मानने लगते हैं. धर्मशास्त्र में जिस कौऐ को पितरों का प्रतीक, शनिदेव की वाहन और यम का दूत तक माना गया है, वह सिर्फ अतिथि के आगमन भर का संकेत नहीं देता है, बल्कि उससे जुड़ी तमाम तरह स्थितियां उस शकुन-अपशकुन की ओर इशारा करती हैं, जिनका संबंध भविष्य में घटने वाली शुभ-अशुभ घटनाओं से होता है. आइए कौए से जुड़े कुछ ऐसे ही शुभ और अशुभ संकेत के बारे में जानते हैं.
धन प्राप्ति से जुड़ा शकुन
हिंदू मान्यता के अनुसार यदि कोई कौआ आपके घर या उसके आस-पास किसी बड़े पात्र में भरे हुए पानी में स्नान करते हुए या फिर उसमें अटखेलियां करता हुआ दिखाई दे तो समझ लेना चाहिए कहीं न कहीं से धन की प्राप्ति होने वाली है. यह अचानक से धन प्राप्ति का शुभ संकेत होता है.
तब मिलता है शुभ समाचार का संकेत
हिंदू मान्यता के अनुसार यदि कौआ सूर्योदय के समय आपकी बालकनी या मुंडेर पर आकर बोले तो यह किसी शुभ समाचार की प्राप्ति का संकेत होता है. इसे हिंदू धर्म में अच्छा शकुन माना गया है. इसी प्रकार यदि आपको सुबह-सुबह खेत-खलिहान या फिर पार्क आदि में कौआ अपनी चोंच से जमीन को खोदते हुए नजर आए तो यह शीघ्र ही कहीं से धन प्राप्ति का संकेत होता है.
तब बरसता है पितरों का आशीर्वाद
यदि आपके मकान की छत पर या फिर बालकनी में अक्सर कौए आकर पानी पीते हैं या फिर रोटी आदि खाकर चले जाते हैं तो इसे पितरों की संतुष्टि और उनका आशीर्वाद माना जाता है. मान्यता है कि ऐसे व्यक्ति के घर में कभी किसी चीज की कोई कमी नहीं होती है.
मनचाहा रोजगार मिलने का संकेत
यदि आप घर से रोजी-रोजगार की तलाश पर निकलें और किसी कचरे आदि के ढेर पर बैठा हुआ कौआ कुछ खाता हुआ दिख जाए तो समझ लीजिए कि आपके रोजगार प्राप्ति में आ रही अड़चनें शीघ्र ही दूर होने वाली हैं और शीघ्र ही आपको मनचाहा काम मिल सकता है.
तब अनहोनी का मिलता है संकेत
- यदि आप कहीं पर खड़े हों या फिर कहीं जा रहे हों और आपके सिर पर कोई कौटा चोंच मार जाए तो यह आने वाले समय में किसी अनहोनी का संकेत होता है.
- यदि आपके घर की छत पर कोई मरा हुआ कौआ मिले तो यह बेहद अशुभ संकेत होता है.
- यदि आपके मकान में कौए अक्सर डेरा डालकर रहने लगें और वहां पर अपना मल और पंख गिराने लगें तो समझ लीजिए कि कोई बड़ी समस्या आने वाली है.
- यदि आपके घर से कोई कौआ गहना या फिर रेशमी वस्त्र अपनी चोंच में दबाकर उठा ले जाए तो इसे बड़ी धनहानि का संकेत माना जाता है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














