Hanuman ji ke prasidh mandir: देश में अंजनि के लाल या फिर कहें संकटमोचक हनुमान जी के कई पावन धाम हैं. जहां पर उनकी अलग-अलग मुद्राओं और आकार वाली मूर्ति के दर्शन होते हैं. भगवान शिव के रुद्रावतार माने जाने वाले हनुमान जी के बारे में मान्यता है कि वे अतुलित बल के धाम हैं, जिनका तेज सैकड़ों सूर्य के समान है. ऐसे महाबली हनुमान जी का वृंदावन में एक ऐसा मंदिर है, जो पूरे विश्व भर में नहीं है. बांके बिहारी की नगरी में स्थित इस मंदिर में हनुमान जी अपने पांच भाईयों के साथ विराजमान हैं. आइए इस मंदिर में दर्शन और पूजन का धार्मिक महत्व विस्तार से जानते हैं.
हनुमान जी के पांच भाईयों के नाम
Photo Credit: Facebook/ Vrindavan Balaji Devasthan
हिंदू मान्यता के अनुसार केसरी नंदन हनुमान जी के पांच भाई थे. ब्रह्मांड पुराण के अनुसार हनुमान जी सभी भाईयों में सबसे बड़े और ब्रह्मचारी थे, लेकिन इनके सभी भाई विवाहित और पुत्र-पौत्र वाले थे.
पांच भाईयों वाले मंदिर की पूजा का महत्व
हिंदू मान्यता के अनुसार हनुमान जी के इस पावन धाम पर आपको बजरंगी के साथ उनके भाईयों का भी आशीर्वाद प्राप्त होता है. साथ ही साथ आपको केसरीनंदन की कुंडली को भी पढ़ने और जानने का अवसर मिलता है. मान्यता है कि वृंदावन स्थित बाला जी के इस दरबार में आने वाला कोई व्यक्ति कभी खाली हाथ नहीं जाता है. बजरंगी की कृपा से हर किसी की कामना पूरी और कष्ट दूर होते हैं.
बाला जी के इस मंदिर में कब और कैसे पहुंचे
पांच भाईयों के साथ बाला जी महाराज का दर्शन और पूजन करने के लिए आपको उत्तर प्रदेश के उस वृंदावन नगरी में जाना होगा जहां राधा और कृष्ण की भक्ति धारा आठों प्रहर बहती रहती है. यदि आप सड़क माध्यम से जा रहे हैं तो आप वृंदावन के अटल्ला चुंगी पर पहुंच इस मंदिर में आसानी से पहुंच सकते हैं. यदि आप हवाई जहाज से जाना चाहते हैं तो आप निकटतम एयरपोर्ट आगरा जा सकते है, जहां से इस मंदिर की दूरी सिर्फ 60 से 70 किमी है. वहीं यदि आप रेल मार्ग से जाना चाहते हैं तो आप यहां मथुरा जंक्शन उतरकर यहां पर आसानी से पहुंच सकते हैं.
मंदिर स्थापित है हनुमान जी की कुंडली और यंत्र
हनुमान जी का यह मंदिर भव्य और बेहद खूबसूरत है. मंदिर के भीतर जाने पर आपको पवनपुत्र हनुमान जी की कुंडली भी देखने को मिल जाएगी. मंदिर प्रांगण में हनुमान जी के गुणों का गान करने वाली चालीसा को एक खंबे में उकेरा गया है. इसी प्रकार मंदिर में भक्तों का कल्याण करने वाला हनुमान जी का यंत्र भी स्थापित है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














