Ganesh Puja: प्रथम पूजनीय क्यों हैं भगवान गणेश? जानें गणपति की पूजा के 7 बड़े लाभ

Ganpati Puja Ke Labh: सनातन परंपरा में किसी भी काम की शुरुआत भगवान गणेश जी की पूजा से प्रांरभ होती है. आखिर गणपति प्रथम पूजनीय क्यों हैं? भगवान गणेश जी की पूजा करने पर कौन से लाभ प्राप्त होते हैं? ऋद्धि-सिद्धि के दाता कहलाने वाले गणपति की पूजा का धार्मिक महत्व जानने के लिए जरूर पढ़ें ये लेख. 

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
Lord Ganesha: गणपति की पूजा के 7 बड़े लाभ
NDTV

Lord Ganesha Worship Benefits: हिंदू धर्म में भगवान गणेश जी को ऋद्धि-सिद्धि और शुभ-लाभ का देवता माना गया है. सनातन परंपरा में गणपति की पूजा का महत्व कुछ ऐसे समझा जा सकता है कि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत को ही श्री गणेश करना कहा जाता है. पौराणिक मान्यता के अनुसार विघ्नहर्ता कहलाने वाले भगवान गणेश जी का जन्म माता पार्वती के शरीर के मैल से हुआ था. गणपति का विशाल सिर बुद्धि, विवेक और ज्ञान का प्रतीक है. गजानन की पूजा के लिए शास्त्रों में बुधवार और गणेश चतुर्थी के दिन को अत्यंत ही शुभ माना गया है. आइए आज उनकी विशेष साधना-आराधना करने से पहले उनकी पूजा से जुड़े 7 लाभ के बारे में विस्तार से जानते हैं. 

गणपति प्रथम पूजनीय क्यों हैं?

सनातन परंपरा में भगवान श्री गणेश जी की प्रथम पूजा करने के पीछे एक पौराणिक कथा आती है, जिसके अनुसार सभी देवी-देवताओं में इस बात को लेकर प्रतियोगिता हुई कि जो कोई पूरे ब्रह्मांड का पहले चक्कर लगा कर आ जाए, उसे प्रथम पूजनीय माना जाएगा. मान्यता है कि जब सभी देवी-देवता अपने वाहन पर बैठकर ब्रह्मांड का चक्कर लगाने के लिए निकल पड़े तो गणपति ने अपनी बुद्धि का सदुपयोग करते हुए अपने माता-पिता की परिक्रमा की, क्योंकि उनके लिए वही पूरा ब्रह्मांड थे. इससे प्रसन्न होकर महादेव ने उन्हें प्रथम पूजनीय होने का आशीर्वाद प्रदान किया. 

गणपति की पूजा के 7 बड़े लाभ 

  • हिंदू मान्यता के अनुसार एकदंत कहलाने वाले भगवान श्री गणेश जी की विधि-विधान से पूजा करने पर साधक की कुंडली के सभी नवग्रह से जुड़े दोष दूर होते हैं. गणपति सभी ग्रहों को शांत कर उनके शुभ फल प्रदान करते हैं. 
  • लंबोदर के नाम से पूजे जाने वाले गणपति की पूजा करने पर साधक को जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में मनचाही सफलता और लाभ की प्राप्ति होती है. हिंदू मान्यता के अनुसार गणपति के आशीर्वाद से साधक को सभी सुख और सफलता की प्राप्ति होती है. 
  • हिंदू मान्यता के अनुसार भालचंद्र कहलाने वाले भगवान श्री गणेश जी की पूजा से साधक के कार्यों में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और उसके सोचे हुए कार्य समय पर बगैर किसी अड़चने के पूरे होते हैं. 
  • धूम्रकेतु कहलाने वाले भगवान गणपति की पूजा करने पर साधक के जीवन से जुड़े सभी प्रकार के दोष दूर होते हैं. गणपति की साधना व्यक्ति के अहंकार को दूर करके उसे विनम्र बनाती है. गणपति सभी प्रकार के नकारात्मकता को दूर करते हैं. 
  • भगवान गणेश जी को बुद्धि का देवता माना जाता है. हिंदू मान्यता के अनुसार बुधवार के दिन विधि-विधान से गणपति की साधना करने वाले साधक पर गणपति की पूरी कृपा बरसती है और उसे बुद्धि और विवेक का आशीर्वाद प्राप्त होता है. जिसकी मदद से वह अपने जीवन में सही निर्णय लेते हुए प्रत्येक कार्य में सफलता प्राप्त करता है. 

Akshaya Tritiya 2026: अक्षय पुण्य को पाने के लिए अखा तीज पर क्या करना और क्या नहीं करना चाहिए? 

  • वास्तुशास्त्र में गणपति की मूर्ति सभी प्रकार के वास्तु दोष को दूर करने वाली मानी गई है. हिंदू मान्यता के अनुसार जिस भी घर में गणपति की मूर्ति या चित्र होता है, उस घर से सारी नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाती है और उसमें रहने वाले लोगों को सकारात्मक फल प्राप्त होते हैं. 
  • हिंदू मान्यता के अनुसार सच्चे मन से गणपति की साधना-आराधना करने वाले साधक के जीवन से जुड़े सभी कष्ट दूर होते हैं और उसकी कामनाएं पूरी होती हैं. गणपति के आशीर्वाद से उसके जीवन में किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं रहती है और उसके घर में हमेशा सुख-संपदा का वास रहता है. 

(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)

Featured Video Of The Day
Iran US Ceasefire | 'ईरान के प्लेन पर हो सकता था हमला' | US Iran War | BREAKING NEWS