Chaitra Navratri 2026 Kab Se Shuru Hai: शक्ति के साधकों को चैत्र मास के शुक्लपक्ष की प्रतिपदा से लेकर नवमी तिथि तक मनाए जाने वाले नवरात्रि पर्व का पूरे साल इंतजार बना रहता है क्योंकि इन 09 दिनों में की जाने वाली देवी पूजा अत्यंत ही शुभ और शीघ्र ही फलदायी मानी गई है. जिस शक्ति के बगैर शिव भी अधूरे माने जाते हैं, उनकी साधना का महापर्व चैत्र नवरात्रि इस साल कब से कब तक रहेगा? जिस घट स्थापना से देवी पूजा का प्रारंभ होता है, उसका शुभ मुहूर्त जानने के लिए आइए देखते हैं चैत्र नवरात्रि 2026 का पूरा कैलेंडर.
चैत्र नवरात्रि का शुभ मुहूर्त
चैत्र नवरात्रि 2026 कब से कब तक है: पंचांग के अनुसार चैत्र नवरात्रि का महापर्व इस साल 19 मार्च 2026, बृहस्पतिवार से प्रारंभ होकर 27 मार्च 2026, शुक्रवार तक मनाया जाएगा. इस बीच शक्ति के साधक पूरे 9 दिनों तक देवी दुर्गा की विधि-विधान से साधना-आरधना करेंगे. नवरात्रि का पहला दिन यानि चैत्र मास की प्रतिपदा तिथि 19 मार्च 2026 को सुबह 06:52 से प्रारंभ होकर अगले दिन 20 मार्च 2026 को पूर्वाह्न 04:52 बजे खत्म होगी.
पंचांग के अनुसार नवरात्रि पूजा के पहले दिन 19 मार्च 2026 को घट स्थापना के लिए शुभ मुहूर्त प्रात:काल 06:52 से लेकर 10:10 बजे तक रहेगा. इस तरह शक्ति के साधकों को घट स्थापना के लिए पूरे सवा तीन घंटे का समय मिलेगा. इसके अलावा प्रतिपदा के दिन ही सुबह 11:47 से लेकर दोपहर 12:36 बजे तक अभिजित मुहूर्त में भी घट स्थापित किया जा सकेगा.
नवरात्रि 2026 का कैलेंडर (Navratri 2026 Calendar)
तारीख तिथि पूजा-पर्व
19 मार्च 2026, गुरुवार अमावस्या/प्रतिपदा घटस्थापना एवं मां शैलपुत्री की पूजा
20 मार्च 2026, शुक्रवार द्वितीया मां ब्रह्मचारिणी की पूजा
21 मार्च 2026, शनिवार तृतीया मां चन्द्रघण्टा की पूजा
22 मार्च 2026, रविवार चतुर्थी मां कूष्माण्डा पूजा की पूजा
23 मार्च 2026, सोमवार पंचमी मां स्कन्दमाता पूजा की पूजा
24 मार्च 2026, मंगलवार षष्ठी मां कात्यायनी पूजा की पूजा
25 मार्च 2026, बुधवार सप्तमी मां कालरात्रि पूजा की पूजा, महा सप्तमी
26 मार्च 2026, गुरुवार अष्टमी मां महागौरी पूजा की पूजा, दुर्गा अष्टमी, रामनवमी स्मार्त
27 मार्च 2026, शुक्रवार नवमी मां नवरात्रि पारण, रामनवमी वैष्णव
चैत्र नवरात्रि का धार्मिक महत्व
चैत्र नवरात्रि के 09 दिन देवी दुर्गा के पावन 09 स्वरूपों की साधना और आराधना के लिए समर्पित है. हिंदू मान्यता के अनुसार इन 9 दिनों में जप-तप और व्रत करने पर साधकों पर देवी की पूरी कृपा बरसती है. नवरात्रि की पूजा से प्रसन्न होकर मां दुर्गा अपने भक्तों के सारे दुख और कष्ट हर लेती हैं. नवरात्रि की शक्ति साधना से सुख-सौभाग्य में वृद्धि होती है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














