Chaitra Navratri Puja remedies: सनातन परंपरा में चैत्र मास के शुक्लपक्ष में प्रतिपदा से लेकर नवमी तिथि तक देवी दुर्गा के 09 दिव्य स्वरूप की साधना-आराधना करने का विधान है. हिंदू मान्यता के अनुसार जिस शक्ति के बगैर देवतागण भी अधूरे माने जाते हैं, उसकी साधना में सिर्फ आम आदमी और साधु-संत ही नहीं बल्कि देवी-देवता भी लीन रहते हैं. जीवन से जुड़ी सभी बाधाओं को दूर करके सुख-समृद्धि और सौभाग्य का आशीर्वाद देने वाली देवी दुर्गा की पूजा के लिए लोग 09 दिनों तक जप-तप और व्रत करते हैं, लेकिन जो लोग किसी कारणवश इस व्रत को नहीं कर पाते हैं, उनके लिए भी मां भगवती के आशीर्वाद को पाने का उपाय हमारे शास्त्रों में बताया गया है. आइए नवरात्रि में देवी दुर्गा को प्रसन्न करके मनचाहा आशीर्वाद दिलाने वाले महाउपाय के बारे में विस्तार से जानते हैं.
1. नवरात्रि में करें दुर्गा कवच का पाठ
यदि आप चैत्र नवरात्रि में देवी दुर्गा के लिए किसी कारणवश व्रत रखने में असमर्थ हैं तो आपको मां भगवती का आशीर्वाद पाने के लिए सुबह या फिर शाम को जब कभी भी समय मिले दुर्गा कवच का पाठ करना चाहिए. मान्यता है कि चैत्र नवरात्रि में एक निश्चित समय और स्थान पर यदि कोई व्यक्ति दुर्गा कवच का श्रद्धा और विश्वास के साथ पाठ करता है तो मां भगवती उसके सभी दुखों को दूर करते हुए सभी कामनाएं पूरी करती हैं.
2. कन्या पूजा से चमकेगी किस्मत
यदि आप नवरात्रि में किसी कारणवश 9 दिनों तक व्रत नहीं रख पाते हैं तो आपको इसके अंतिम दो दिनों यानि अष्टमी या नवमी तिथि पर देवी स्वरूप मानी जानी वाली एक से ग्यारह साल की कन्याओं का विशेष रूप से पूजन करना चाहिए तथा उन्हें भोग-प्रसाद और उपहार आदि देकर आशीर्वाद लेना चाहिए.
3. श्रीयंत्र की पूजा से पूरी होगी धन-धान्य की कामना
यदि आप चैत्र नवरात्रि में देवी दुर्गा के व्रत को करने में असमर्थ हैं तो आपकी कामना है कि माता आपकी आर्थिक दिक्कतों को दूर करके आपको सुख, संपत्ति और धन-धान्य प्रदान करें तो आपको नवरात्रि में अपने पूजा घर में श्रीयंत्र की विधि-विधान से स्थापना करानी चाहिए तथा उसकी प्रतिदिन पूजा करनी चाहिए. मान्यता है कि श्रीयंत्र की पूजा से साधक को सभी सुख प्राप्त होते हैं.
4. नवरात्रि में दीये से दूर होंगे सारे दुख
यदि आप चैत्र नवरात्रि में पूरे विधि-विधान से कलश स्थापना या अखंड दीप जलाकर मां दुर्गा का व्रत नहीं रख पा रहे हैं तो आपको बिल्कुल निराश होने की जरूरत नहीं है. आप प्रतिदिन तन और मन से पवित्र होने के बाद दैनिक पूजा में मां दुर्गा के लिए शुद्ध देशी घी का दीया जलाकर भी भगवती का आशीर्वाद प्राप्त कर सकते हैं.
5. नवरात्रि में करें देवी पूजा का ये महाउपाय
चैत्र नवरात्रि में अगर आप 09 दिनों तक व्रत नहीं रख सकते हैं तो आप मां दुर्गा को प्रसन्न करने के लिए अपनी सुविधा के अनुसर किसी भी दिन किसी शक्तिपीठ या सिद्धपीठ पर जाकर माता को लाल रंग की चुनरी, नारियल और झंडी चढ़ाएं. देवी दुर्गा की पूजा से जुड़ा यह उपाय आपके सभी कष्टों को दूर करके कामनाओं को पूरा करेगा.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














