Aaine Ki Sahi Disha Kya Hai: आईना एक ऐसी जरूरत की चीज है, जिसे क्या स्त्री और क्या पुरुष दोनों ही प्रतिदिन निहारते हैं. सजने-संवरने से लेकर अपनी खूबसूरती को निहारने तक के लिए आप जिस आईने को प्रयोग में लाते हैं, वह सिर्फ आपका प्रतिबिंब ही नहीं दिखाता है, बल्कि आपके गुडलक और बैडलक को भी प्रभावित करता है. जी हां वास्तु नियमों के अनुसार सही दिशा और सही आकार में लगा आईना जहां सुख-सौभाग्य के साथ खुशहाली का कारण बनता है, वहीं इससे जुड़ा दोष अक्सर परेशानी का सबब बनता है. आइए आईने से जुड़ा वास्तु नियम विस्तार से जानते हैं.
घर में आईना लगाने की सही दिशा
वास्तु नियमों के अनुसार घर में किसी भी स्थान या दिशा में आईना लगाना उचित नहीं होता है. ऐसा करने पर उसकी नकारात्मक उर्जा दुख और दुर्भाग्य का कारण बनती है. वास्तु नियमों के अनुसार उत्तर, पूर्व या उत्तर पूर्व दिशा में लगाया जाना वाला आईना शुभ माना गया है. वास्तु नियमों के अनुसार यहां पर भी हमेशा आयताकार आईना लगाएं. वास्तु के अनुसार आयताकार या फिर वर्गाकार आईना सकारात्मक उर्जा का प्रवाह करता है.
घर में कहां नहीं लगाना चाहिए आईना?
- वास्तु के अनुसार आईने को कभी भी ऐसी जगह नहीं लगाना चाहिए जहां प्रकाश ठीक से नहीं पहुंचता हो. वास्तु के अनुसार ऐसा स्थान जहां पर प्राकृतिक रूप से प्रकाश नहीं पहुंचता है, वहां पर लगे हुए आईने से नकारात्मक ऊर्जा के आकर्षित होने की आशंका रहती है.
- वास्तु के अनुसार घर के बेडरूम में आईना लगाने से बचना चाहिए. यदि लगाना भी हो तो उसे ऐसे लगाएं कि उसमें बेड का प्रतिबिंब न बने. वास्तु के अनुसार यदि बेडरूम में रखे आईने में बेड का प्रतिबिंब बनने पर वास्तु दोष उत्पन्न होता है जो दांपत्य जीवन को प्रभावित करता है.
घर की रसोई से जुड़ा है आपकी सेहत और सौभाग्य का कनेक्शन, जानें किचन का पूरा वास्तु शास्त्र
- वास्तु के अनुसार घर की दक्षिण दिशा में आईना नहीं लगाना चाहिए क्योंकि यह यम की दिशा मानी जाती है. इसी प्रकार किचन के सामने आईना नहीं लगाना चाहिए. वास्तु के अनुसार किचन के सामने लगे आईने में दिखने वाली आग की लौ का प्रतिबिंब दोष पैदा करता है.
- वास्तु के अनुसार सिर्फ दिशा या स्थान ही नहीं बल्कि कुछेक आईने भी वास्तु दोष का बड़ा कारण बनते हैं. वास्तु नियमों के मुताबिक घर में कभी भी टूटा हुआ या फिर धुंधला आईना नहीं रखना चाहिए. यह दुख और दुर्भाग्य का कारण बनता है.
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.)














