नीट पेपर लीक मामले में सीबीआई को दिनेश बिवाल के बेटे ऋषि बिवाल की तलाश है. जांच में सामने आया है कि इस बार पेपर मिलने के बावजूद वह नीट परीक्षा में पास होता नहीं दिख रहा है. अनुमान के मुताबिक, उसके 720 में से सिर्फ 107 नंबर अंक ही मिलते दिख रहे हैं. फिलहाल, ऋषि बिवाल फरार बताया जा रहा है. जांच एजेंसियां, उसके एजुकेशन बैकग्राउंड की जांच भी कर रही है. पड़ताल में सामने आया कि ऋषि के बोर्ड कक्षाओं में भी काफी कम अंक थे. 10वीं बोर्ड करीब 44 फीसदी अंकों के साथ पास की और 12वीं में भी वह सेकंड डिवीजन रहा. 12वीं बोर्ड में उसे पास होने के लिए भी ग्रेस मार्क्स का सहारा लेना पड़ा.
केमिस्ट्री और फिजिक्स में कमजोर है ऋषि
उसकी बोर्ड मार्कशीट के अनुसार, 12वीं बोर्ड में कुल 50.80 प्रतिशत अंक मिले थे. फिजिक्स और केमिस्ट्री जैसे विषयों में उसके थ्योरी अंक काफी कम थे. इसके बावजूद परिवार की ओर से उसे मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करवाई जा रही थी.
उसे किसी भी तरह डॉक्टर बनाने की चाह पाले परिजनों ने ऋषि के लिए भी पेपर खरीदा था. बावजूद इसके परिवार उनके मकसद में कामयाब नहीं हो पाया. पेपर मिलने के बाद भी उसका प्रदर्शन बेहद खराब रहा और वह केवल 107 अंक ही हासिल कर पाया.
ऋषि की भूमिका की जांच कर रही एजेंसी
सीबीआई अब यह जांच कर रही है कि पेपर लीक नेटवर्क में ऋषि की क्या भूमिका थी. इस बात का पता लगाया जा रहा है कि उसे किस तरह मदद पहुंचाई गई और परीक्षा से पहले किन लोगों के संपर्क में वह था. फिलहाल पूरे मामले के सामने आने के बाद से ऋषि की तलाश जारी है.
यह भी पढ़ेंः NEET 2026 ही नहीं, साल 2025 के एग्जाम पर भी सवाल! एक ही परिवार के 5 बच्चों को कैसे मिला मेडिकल कॉलेज?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं