Success Story: छोटे से गांव की बेटी ने UPSC में रचा इत‍िहास, NDA में AIR-4 पाकर लेफ्टिनेंट बनेगी पंकज कुमारी

NDA परीक्षा-1, 2026 में राजस्थान के सीकर जिले के मांडोता गांव की पंकज कुमारी ने ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल कर नया इतिहास रच दिया है. उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और वे बेटियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी हैं. पढ़‍िए पंकज कुमार की Success Story.  

विज्ञापन
Read Time: 5 mins
मांडोता की पंकज कुमारी का कमाल, NDA में AIR-4 हासिल कर बढ़ाया सीकर का मान
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • UPSC ने NDA एवं नौसेना अकादमी परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी हो गया है.
  • राजस्थान के सीकर जिले के मांडोता गांव की पंकज कुमारी ने एनडीए परीक्षा में AIR 4 हासिल की है.
  • सीकर के सांसद अमराराम और धोद विधायक गोर्धन वर्मा ने सोशल मीडिया पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं

NDA Success Story: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने नेशनल डिफेंस एकेडमी (NDA) एवं नवल एकेडमी (NA) परीक्षा-1, 2026 का फाइनल रिजल्ट जारी कर दिया है. इसमें गांवों से कई होनहार बेटे-बेटियां सैन्य अधिकारी बनने में सफल हुए हैं. उन्हीं में से एक हैं पंकज कुमारी, जिन्होंने एनडीए में ऑल इंडिया स्तर पर चौथा स्थान हासिल किया है. पंकज कुमारी राजस्थान के सीकर जिले की धोद तहसील के गांव मांडोता की रहने वाली हैं. सीकर ज‍िले के छोटे से गांव मांडोता की बेटी पंकज  कुमारी को एनडीए में महिला वर्ग में देशभर में चौथा स्थान मिलने पर उसकी सक्‍सेस स्‍टोरी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. उन्हें और उनके परिवार को गातार बधाइयां मिल रही हैं और पंकज कुमारी को क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए सफलता की मिसाल बताया जा रहा है. अब वे भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनेंगी. उनसे क्षेत्र की अन्‍य बेट‍ियों को भी सैन्‍य अध‍िकारी बनने की प्रेरणा म‍िलेगी. 

सीकर सांसद ने दी शुभकामनाएं 

सीकर सांसद अमराराम ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, "मेरे संसदीय क्षेत्र के मांडोता गांव की होनहार एवं लाड़ली बेटी सुश्री पंकज कुमारी, सुपुत्री श्री नरेंद्र जी बुरड़क, द्वारा प्रतिष्ठित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर चतुर्थ स्थान प्राप्त करना हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष, गर्व एवं गौरव का विषय है. इस शानदार एवं असाधारण उपलब्धि पर पंकज कुमारी एवं उनके समस्त परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं."

सीकर सांसद अमराराम ने आगे लिखा, "बेटी पंकज कुमारी की यह ऐतिहासिक सफलता न केवल मांडोता गांव, बल्कि संपूर्ण सीकर जिले एवं हमारे संसदीय क्षेत्र का मान-सम्मान बढ़ाने वाली है. आपकी यह उपलब्धि क्षेत्र की असंख्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए नई ऊर्जा एवं आत्मविश्वास प्रदान करेगी. आपने अपनी प्रतिभा, अथक परिश्रम और अटूट संकल्प से यह साबित कर दिया है कि बेटियां भी अपनी मेहनत और हौसले के दम पर सफलता के सर्वोच्च शिखर को छू सकती हैं.

"मेरी आत्मिक कामना है कि आप जीवन में निरंतर सफलता के नए आयाम स्थापित करें तथा राष्ट्रसेवा के पवित्र पथ पर आगे बढ़ते हुए देश का गौरव बढ़ाएं. मांडोता की इस गौरवशाली बेटी को हार्दिक अभिनंदन एवं उज्ज्वल, सफल और स्वर्णिम भविष्य की अनंत मंगलकामनाएं."   

यह भी पढ़ें- IAS परी बिश्नोई के परिवार की घर वापसी, मंडी आदमपुर की दुकान नंबर 107 बना नया आशियाना

NDA में चौथी रैंक लाकर छा गई सीकर की बेटी पंकज कुमारी, अब बनेगी सेना में अधिकारी. Photo Credit: amraram mp sikar

Advertisement

मां सरपंच प्रत्‍याशी, धोद व‍िधायक ने भी दी शुभकामनाएं 

इसी तरह पंकज कुमारी की सफलता पर धोद व‍िधायक गोर्धन वर्मा ने सोशल मीडिया यूजर ने लिखा, "बेटी ने बढ़ाया सीकर का मान, गर्व का पल! मांडोता निवासी श्री नरेंद्र जी बुरड़क एवं श्रीमती केसर (सरपंच प्रत्याशी) की सुपुत्री सुश्री पंकज कुमारी ने प्रतिष्ठित NDA Examination में अखिल भारतीय स्तर पर चौथा स्थान  राप्त किया है. पंकज कुमारी ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे समाज और सीकर जिले का नाम रोशन किया है. इस असाधारण और गौरवपूर्ण सफलता पर पंकज कुमारी एवं उनके समस्त परिवार को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं. आपकी यह उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. ईश्वर से कामना है कि आप भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनकर राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ें और सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करें. सीकर को आप पर गर्व है."

NDA-NA परीक्षा 2026 में 617 अभ्यर्थी सफल

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) एवं नौसेना अकादमी (NA) परीक्षा-1, 2026 का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है. आयोग की ओर से जारी मेरिट सूची में कुल 617 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है. इन अभ्यर्थियों का चयन 12 अप्रैल 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा तथा इसके बाद सेवा चयन बोर्ड (SSB) द्वारा लिए गए साक्षात्कार के आधार पर किया गया है. सफल अभ्यर्थियों का चयन सेना, नौसेना और वायुसेना विंग के लिए राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के 157वें कोर्स तथा भारतीय नौसेना अकादमी के 119वें कोर्स (INAC) में प्रवेश हेतु किया गया है. 

Advertisement

nda success story pankaj kumari air 4 from mandota village sikar rajasthan

NDA-NA परीक्षा 2026 एक नजर में

  1. कुल सफल अभ्यर्थी: 617
  2. लिखित परीक्षा की तिथि: 12 अप्रैल 2026
  3. NDA का 157वां कोर्स
  4. भारतीय नौसेना अकादमी (INAC) का 119वां कोर्स
  5. चयन प्रक्रिया: लिखित परीक्षा + SSB इंटरव्यू
  6. मेरिट सूची में मेडिकल परीक्षा के परिणाम शामिल नहीं
  7. उम्मीदवारों के अंक 15 दिन बाद UPSC वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे  



संघ लोक सेवा आयोग ने स्पष्ट किया है कि इस मेरिट सूची को तैयार करते समय मेडिकल परीक्षा के परिणाम शामिल नहीं किए गए हैं. सभी चयनित अभ्यर्थियों का चयन फिलहाल अनंतिम है. उन्हें जन्मतिथि, शैक्षणिक योग्यता समेत अन्य जरूरी प्रमाणपत्र रक्षा मंत्रालय के संबंधित प्राधिकरण के समक्ष प्रस्तुत करने होंगे. UPSC ने बताया है कि उम्मीदवारों के अंक अंतिम परिणाम घोषित होने की तारीख से 15 दिन बाद आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे. परीक्षा से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी यूपीएससी के सुविधा केंद्र तथा संबंधित सैन्य अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- Success Story: 22 साल के ओवैस ने ChatGPT को बनाया गुरु, UPSC CDS में म‍िली AIR 107 
यह भी पढ़ें- UPSC मेंस र‍िजल्‍ट देख भावुक हुईं Venu Sawtani, 10 साल से कर रही थी तैयारी, बोलीं-बहुत कुछ लगा था दांव पर

Featured Video Of The Day
दीवाली से पहले दिल्ली-एनसीआर बेहाल, अक्षरधाम के पास लगा लंबा जाम
Topics mentioned in this article
NDA
Success Story
Rajasthan News
Sikar

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं