IPS प्रीति यादव की खूब चर्चा हो रही है, जिन्हें नोएडा जोन-1 की डीसीपी बनाया गया है. गौतमबुद्ध पुलिस कमिश्नर की तरफ से किए गए बदलावों में प्रीति यादव को ये बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. आईपीएस अधिकारी प्रीति यादव को यूपी की तेज तर्रार महिला अफसरों में गिना जाता है. वो महज 22 साल की उम्र में यूपीएससी क्रैक कर आईपीएस बन गईं थीं. सबसे खास बात ये है कि अपने पहले ही अटेंप्ट में उन्होंने ये सबसे मुश्किल एग्जाम निकाल दिया. ऐसे में आज हम आपको IPS प्रीति यादव की पूरी सक्सेस स्टोरी बता रहे हैं.
कौन हैं प्रीति यादव?
प्रीति यादव हरियाणा के रेवाड़ी जिले से आती हैं. बचपन से ही वो अपनी क्लास की टॉपर रहीं और 12वीं की परीक्षा 96 फीसदी से ज्यादा नंबरों से पास की. इसके बाद उन्होंने बीए ऑनर्स की डिग्री ली. ग्रेजुएशन में भी वो गोल्ड मेडलिस्ट रहीं. इसके बाद मास्टर्स में एडमिशन लिया, लेकिन यूपीएससी की तैयारी भी शुरू कर दी. इस तैयारी के चलते उन्होंने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी और पहले ही अटेंप्ट में यूपीएससी क्रैक कर लिया. वो 2019 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं.
पिता ने दिखाया सपना
प्रीति यादव के पिता भी पुलिस में थे और उन्होंने अपनी नौकरी कांस्टेबल के तौर पर शुरू की थी. अपने एक इंटरव्यू में प्रीति यादव ने उनका जिक्र किया था. उन्होंने बताया था कि पिता से उन्हें काफी प्रेरणा मिली और पुलिस विभाग को वो करीब से जानती थीं. उन्होंने बताया कि बचपन से ही उनकी इच्छा थी कि वो एक सिविल सर्वेंट बनें.
सहारनपुर के बाद अब नोएडा की जिम्मेदारी
IPS प्रीति यादव को इससे पहले SSP सहारनपुर बनाया गया था. यहां उन्होंने पुलिस महकमे के पूरे काम को समझा और कई अहम फैसले भी लिए. इसके बाद अब उन्हें नोएडा जोन-1 जैसे अहम इलाके की कमान दी गई है. पूरे जोन की तमाम तरह की व्यवस्थाएं उनकी जिम्मेदारी होगी, ऐसे में युवा आईपीएस अधिकारी के लिए तमाम तरह की चुनौतियां भी होंगीं.
यह भी पढ़ें | कौन हैं फतेहपुर के SP अभिमन्यु मांगलिक, जिन्होंने करवाचौथ पर महिला पुलिकर्मियों को दिया छुट्टी का तोहफा
यह भी पढ़ें | 30 लाख रुपये तक की फीस, ये हैं दिल्ली के पांच सबसे महंगे स्कूल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं