दिल्ली के सरकारी स्कूलों में छठी से नौवीं कक्षा के लिए ‘नॉन-प्लान' श्रेणी के तहत दाखिले आज से शुरू हो गए हैं. बता दें कि ‘नॉन-प्लान' दाखिले केवल उन छात्रों के लिए होंगे, जो दिल्ली में निवास करते हैं और जिनकी पढ़ाई कुछ विशेष परिस्थितियों के कारण प्रभावित हुई है. शिक्षा निदेशालय, दिल्ली की और से जारी किए गए एक नोटिफिकेशन के अनुसार जिन छात्रों ने पिछली कक्षा पास कर ली है, उनका रजिस्ट्रेशन ऑनलाइन होगा. जबकि 10 से 14 साल की उम्र के जो बच्चे स्कूल नहीं जाते हैं, वे अपने नज़दीकी स्कूल में जाकर सीधे तौर पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं. प्रवेश प्रक्रिया ऑनलाइन पंजीकरण के जरिए तीन चरणों में आयोजित की जाएगी. पहला चरण एक अप्रैल (दोपहर 12 बजे) से सात अप्रैल (शाम 5 बजे) तक चलेगा. इसके बाद अगला चरण 30 अप्रैल से 25 मई और तीसरा चरण एक जुलाई से 25 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा.
- नए दाखिले के लिए ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा.
- जो बच्चे पहले से किसी सरकारी या सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ हैं, उन्हें दोबारा दाखिले की प्रक्रिया से गुजरना होगा और अपने पुराने स्कूल से संपर्क करना होगा.
- आयु सीमा की बात की जाए तो छठवीं से नौवीं में प्रवेश के लिए छात्रों की उम्र 10 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए. विशेष मामलों में स्कूल अपने स्तर पर छूट दे सकता है.
- अभिभावकों की किसी भी तरह की परेशानी न हो इसके लिए हेल्पलाइन और स्कूल स्तर पर हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है.
31 अगस्त तक पूरी होगी प्रवेश प्रक्रिया
पहले चरण के लिए स्कूल आवंटन की घोषणा 21 अप्रैल को की जाएगी, जिसके बाद 22 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच दस्तावेजों का सत्यापन होगा. दूसरे और तीसरे चरण के लिए भी इसी तरह की समय सीमा तय की गई है.
पूरी प्रवेश प्रक्रिया 31 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी. विभाग ने बताया कि सरकारी स्कूलों में बच्चों का प्रवेश चाहने वाले अभिभावकों को उसकी आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा.